IND vs WI: भारत वेस्टइंडीज के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का 27 सितंबर से आगाज होने जा रहा है. इस सीरीज के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं क्योंकि भारत के 2 दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा विराट कोहली की वापसी होगी.
इस सीरीज का पहला वनडे मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम खेला जाएगा. इस मैदान पर टीम इंडिया लगभग 4 साल बाद वनडे मैच खेलने उतरेगी. ऐसे में फैंस के मन में यह सवाल होगा कि इस मैदान पर भारतीय टीम का वनडे रिकॉर्ड कैसा है, तो चलिए इस ऑर्टिकल में जानते हैं कि ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में इंडिया का वनडे रिकॉर्ड कैसा है.
तिरुवनंतपुरम में बेहतरीन है टीम इंडिया का ODI रिकॉर्ड
तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत का वनडे रिकॉर्ड 100% जीत का है. इस मैदान पर पहला वनडे मैच साल 2018 में खेला गया था. भारतीय टीम ने इस मैदान पर अब तक कुल 2 वनडे मैच खेले हैं दोनों में ही उसने धमाकेदार जीत दर्ज की है. यह मैदान भारतीय टीम के लिए बेहद भाग्यशाली रहा है, जहां न सिर्फ भारत ने रनों के लिहाज से इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में से एक दर्ज की, बल्कि विपक्षी टीमों को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेला है.
तिरुवनंतपुरम में पहले ODI में भारत ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से दी थी मात
भारत ने इस मैदान पर खेले दोनों ही मैचों में विपक्षी टीमों को एकतरफा हराया है. इस मैदान पर पहला वनडे मैच 1 नवंबर 2018 को भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला गया था. तब इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टविंडीज की पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई महज 104 रनों पर ढेर हो गई. रवींद्र जडेजा ने 4 विकेट चटकाए थे. इसके बाद छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा (62* रन) विराट कोहली (33* रन) ने विंडीज के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए सिर्फ 14.5 ओवरों में 9 विकेट से मैच को खत्म कर दिया.
दूसरे ODI में भारत ने श्रीलंका को 317 रनों से रौंदा
इसके बाद यहां खेला गया दूसरा वनडे मैच तो क्रिकेट इतिहास के पन्नों में हमेशा-हमेशा के लिए दर्ज हो गया. 15 जनवरी 2023 को श्रीलंका के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसा तहलका मचाया कि बोर्ड पर 390 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया. विराट कोहली ने नाबाद 166 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी. इसके बाद जब श्रीलंकाई टीम इस विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें महज 73 रनों पर समेट दिया था. इस तरह भारत ने 317 रनों के विशाल अंतर से एक ऐसी ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की थी.
किंग कोहली को रास आती है तिरुवनंतपुरम की पिच
विराट कोहली के लिए तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम का मैदान बेहद खास है. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ साल 2023 में यहां 166 रनों की नाबाद विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें 13 चौके 8 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. कोहली इस मैदान पर अब तक 2 पारियों में कुल 199 रन बना चुके हैं एक बार भी आउट नहीं हुए हैं.
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत का स्क्वाड
शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर ब्रार, मोहम्मद सिराज, औकिब नबी, यशस्वी जायसवाल नमन धीर.
भारत बनाम वेस्टइंडीज वनडे शेड्यूल
पहला ODI: 27 सितंबर, तिरुवनंतपुरम
दूसरा ODI: 30 सितंबर, गुवाहाटी
तीसरा ODI: 3 अक्टूबर, न्यू चंडीगढ़