PSL 2026: पाकिस्तान में सुरक्षा की स्थिति बिगड़ने से क्रिकेट भी प्रभावित हो रहा है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB ) ने बड़ा फैसला लिया है कि PSL 2026 बिना दर्शकों के खेलेगा. यह निर्णय अफगानिस्तान से जुड़े तनाव और तालिबान से जुड़े हमलों के कारण लिया गया है.
पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी पुष्टि की. उन्होंने कहा कि फिलहाल स्टेडियम में भीड़ इकट्ठा करना सुरक्षित नहीं है.
केवल कराची और लाहौर में होंगे मैच
पहले PSL को छह शहरों में आयोजित करने की योजना थी, लेकिन अब सिर्फ कराची और लाहौर में मैच होंगे. टूर्नामेंट 26 मार्च से शुरू होगा और 3 मई तक चलेगा. कुल 44 मैच खेले जाएंगे. ओपनिंग सेरेमनी भी रद्द कर दी गई है. पीसीबी ने सुरक्षा एजेंसियों और सरकार के साथ बैठक के बाद यह कदम उठाया.
मोहसिन नकवी ने कहा कि PSL पाकिस्तान का बड़ा ब्रांड है और विदेशी खिलाड़ी इसमें शामिल हैं, इसलिए इसे रद्द नहीं किया जा सकता, लेकिन 25-30 हजार दर्शकों को स्टेडियम में लाना जोखिम भरा होगा.
सुरक्षा चिंताओं के कारण लिया गया फैसला
पाकिस्तान में हाल के दिनों में तालिबान से जुड़े हमलों और अफगानिस्तान के साथ तनाव बढ़ा है. ईंधन संकट के चलते भी लोगों की आवाजाही सीमित है. स्कूल बंद है, वर्क फ्रॉम होम लागू है और ईद की छुट्टियां बढ़ाई गई है. ऐसे में बड़े आयोजन में दर्शक नहीं बुलाए जा सकते. पीसीबी ने फ्रेंचाइजी को गेट मनी का मुआवजा देने का ऐलान किया है. जिन लोगों ने टिकट खरीदे हैं, उन्हें 72 घंटे में रिफंड मिलेगा.
PSL 2026 में 8 टीमें, प्लेऑफ का फॉर्मेट
इस सीजन में पहली बार 8 टीमें हिस्सा लेंगी. जिसमें हैदराबाद किंग्समेन, इस्लामाबाद यूनाइटेड, कराची किंग्स, लाहौर कलंदर्स, मुल्तान सुल्तान्स, पेशावर जल्मी, क्वेटा ग्लैडिएटर्स और रावलपिंडी पिंडिज है. हर टीम 10 मैच खेलेगी. पॉइंट्स टेबल में टॉप-4 टीमें प्लेऑफ में पहुंचेंगी. प्लेऑफ में क्वालिफायर-1, एलिमिनेटर, क्वालिफायर-2 और फाइनल होगा.
बता दें कि फाइनल मैच 3 मई को गद्दाफी स्टेडियम में होगा. बारिश के लिए रिजर्व डे रखा गया है. यह फैसला पाकिस्तान के लिए कठिन है, लेकिन सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है. क्रिकेट प्रेमी अब टीवी पर मैच देखेंगे. उम्मीद है कि हालात जल्द सामान्य होंगे.