टीम ने लगातार कैच टपका बना दिया शर्मनाक रिकॉर्ड, सुपरमैन फिलिप्स ने नहीं लगाई कोई जान, मैच खत्म होने के बाद बताई वजह

ऑकलैंड: भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के चौथे मैच में न्यूजीलैंड की फील्डिंग बेहद खराब रही। 259 रन का स्कोर बनाने के बाद कीवी टीम ने पहले ही ओवर में 2 विकेट ले लिए थे। ऐसे में न्यूजीलैंड की जीत पक्की हो गई थी, लेकिन इसके बाद टीम की फील्डिंग बेहद खराब रही।

कई मौकों पर फील्डर्स ने कैच टपकाए। इस वजह से भारतीय टीम 172 रन तक पहुंच पाई। हैरानी की बात यह रही कि टीम की खराब फील्डिंग के बीच ग्लेन फिलिप्स भी कोई खास कोशिश करते नहीं दिखे। मैच के बाद उन्होंने इसकी वजह भी बताई।

फिलिप्स ने खुलासा किया कि उन्हें हैमस्ट्रिंग में कुछ परेशानी महसूस हो रही थी। इसी वजह से उन्होंने मैदान पर अपनी फील्डिंग को सीमित रखने का फैसला किया। उन्होंने कहा, ‘हैमस्ट्रिंग अभी ठीक महसूस हो रही है। उम्मीद है कि कोई बड़ी समस्या नहीं है। यह फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया था। हमारे सामने एक बड़ा समर सीजन आने वाला है और मैं 100 फीसदी फिट हुए बिना कुछ नहीं करना चाहता। आज जोखिम उठाना सही नहीं था।’

भारत के खिलाफ बल्ले से किया कमाल

फिलिप्स ने शतक लगाने के बाद कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी थी और न्यूजीलैंड की टीम ने इसका पूरा फायदा उठाया। उन्होंने रन बनाकर टीम के लिए योगदान देने पर खुशी जाहिर की। माइकल ब्रेसवेल के साथ साझेदारी पर बात करते हुए फिलिप्स ने कहा कि दोनों ने हवा की दिशा और बल्लेबाजी के लिए अनुकूल छोर को ध्यान में रखते हुए अपनी रणनीति बनाई थी। उस समय मुकाबला बेहद करीबी स्थिति में था, लेकिन दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाकर भारत को मैच में पीछे धकेल दिया।

अपनी बल्लेबाजी में बदलाव पर भी की बात

पिछले छह से 12 महीनों में अपनी बल्लेबाजी में आए बदलाव को लेकर फिलिप्स ने कहा कि क्रिकेट में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। कभी आप गेंद को अच्छी तरह देखते हो तो कभी ऐसा नहीं होता। उनके मुताबिक, कोशिश यही रहती है कि अच्छी फॉर्म के दौर को ज्यादा से ज्यादा लंबा खींचा जाए और हर गेंद पर सही फैसला लिया जाए।

इस सीरीज में 12 कैच छोड़ चुका है न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड की टीम इस सीरीज में 12 कैच छोड़ चुकी है। एक सीरीज में सबसे ज्यादा कैच छोड़ने का शर्मनाक रिकॉर्ड भी इसी टीम के नाम है। इसी साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 टी20 मैच की सीरीज में कीवी टीम ने 14 कैच छोड़े थे। अब भारत के खिलाफ सीरीज के 4 मैच में 12 कैच छोड़ चुकी है।

Leave a Comment