जेमिमा रोड्रिग्स ने खुद को फिट घोषित किया, दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हो सकती है वापसी

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह अगस्त में लगी चोट से पूरी तरह उबर चुकी हैं और मुकाबलों के लिए मैदान पर उतरने को तैयार हैं।

रोड्रिग्स को तीन अगस्त को इंग्लैंड की फ्रेंचाइजी टीम ‘सदर्न ब्रेव’ की ओर से ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट में खेलते समय पैर की मांसपेशियों (हैमस्ट्रिंग) में चोट लगी थी। इसके बाद बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) की चिकित्सा टीम ने उन्हें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित टी20 एशिया कप और जापान में हुए एशियाई खेलों से बाहर कर दिया था।

वापसी के लिए बेताब हैं जेमिमा

जेमिमा हाल में जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेली गई सीमित ओवरों की सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले सकी थीं। छब्बीस वर्षीय जेमिमा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए चोट से उबरने के बाद खुद को पूरी तरह फिट घोषित किया। उन्होंने लिखा,’जीवन से जुड़ा अपडेट: मुझे (हैमस्ट्रिंग) फिट घोषित कर दिया गया है। तीन महीने तक चोट से उबरने (रिहैब) के बाद अब मैं मैदान पर वापसी करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकती।’

दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हो सकती है वापसी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम का अगला दौरा दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका का होगा जिसमें टीम कई प्रारूपों की सीरीज खेलेगी। इसके अलावा जेमिमा मौजूदा सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में मुंबई की टीम की ओर से भी खेल सकती हैं।

Leave a Comment