T20 World Cup 2026: क्रिकेट में आमतौर पर अच्छा प्रदर्शन करने पर खिलाड़ियों को इनाम मिलते हैं. बोर्ड बोनस, बढ़ी हुई सैलरी या गिफ्ट देते हैं, लेकिन खराब खेलने पर जुर्माना लगाना बहुत कम देखने को मिलता है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ऐसा ही एक अनोखा और सख्त कदम उठाया है.
दरअसल टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. टीम लगातार दूसरी बार सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाई. सुपर-8 स्टेज से ही बाहर हो गई. टीम ने सिर्फ श्रीलंका को हराया, जो एक टेस्ट खेलने वाला देश है.
बाकी जीत नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया जैसी कमजोर टीमों के खिलाफ आई. वहीं भारत और इंग्लैंड जैसे मजबूत विरोधियों से उन्हें करारी हार मिली.
PCB का सख्त फैसला
tribune.com.pk जैसी विश्वसनीय रिपोर्ट के मुताबिक, PCB ने टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड के हर एक खिलाड़ी पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये (5 मिलियन PKR) का जुर्माना लगाया है. यह फैसला भारत से हार के तुरंत बाद लिया गया और खिलाड़ियों को सूचित कर दिया गया.
सूत्रों का कहना है कि बोर्ड के अधिकारी टीम के प्रदर्शन से बहुत नाराज हैं. उन्होंने साफ कहा है कि अब लाड़-प्यार काफी हो गया. अच्छे खेल पर इनाम मिलेगा, तो खराब खेल पर सजा भी भुगतनी होगी.
पाकिस्तान का शर्मनाक प्रदर्शन
टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने शुरुआत में नीदरलैंड्स से हार का सामना किया, लेकिन बाल-बाल बचा. फिर अमेरिका को हराया. भारत के खिलाफ उम्मीद थी कि स्पिन गेंदबाजों और श्रीलंकाई पिच की मदद से अच्छा खेल दिखेगा, लेकिन टीम फिर फेल रही, ठीक एशिया कप की तरह. फैंस की तरह बोर्ड भी टीम से खफा है.
खिलाड़ियों की कमाई का अंदाजा
पाकिस्तानी क्रिकेटर अच्छी कमाई करते हैं. सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में A कैटेगरी के खिलाड़ी को महीने में 45 लाख PKR सैलरी और ICC से 20.7 लाख PKR मिलते हैं.
B कैटेगरी में 30 लाख + 15.525 लाख, C में 10 लाख + 10.35 लाख और D में 7.5 लाख + 5.175 लाख PKR. इसके अलावा मैच फीस अलग होती है, लेकिन 1 जुलाई 2025 से 30 जून 2026 के कॉन्ट्रैक्ट में कोई भी A कैटेगरी में नहीं था. ऐसे में 50 लाख का जुर्माना कई खिलाड़ियों के लिए बड़ा झटका है.