22 सितंबर को जापान क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक दिन है क्योंकि इस दिन वो दुनिया की नंबर 1 टी20 टीम के खिलाफ मैच खेलने उतरेगा. जापान की टीम अपना पहला मैच भारत के खिलाफ खेलेगी. ये मैच सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में होगा जहां एशियन गेम्स के मुकाबले भी होने हैं.
इस मैच के लिए जापान ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. जापान के कप्तान एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो धोनी को देखकर नर्वस हो जाते थे. धोनी जब बैटिंग पर आते थे तो उनकी सांसें उखड़ सी जाती थीं. बात हो रही है केंडल कैडोवाकी फ्लेमिंग की जो जापान के कप्तान और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. जापान के कप्तान केंडल कैडोवाकी फ्लेमिंग कौन हैं और वो क्यों जापानी क्रिकेट में इतना बड़ा रोल रखते हैं, ये आगे बताएंगे लेकिन पहले जानिए जापान ने टीम में किन खिलाड़ियों को जगह दी है?
जापान का टी20 स्क्वाड
केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा-हिन्ज़े, बेंजामिन इतो-डेविस, एलेस्टर काडोवाकी-फ्लेमिंग, कोहेई कुबोटा, जेक कुसुदा-नैर्न, वातारू मियाउची (विकेटकीपर), रेओ सकुरानो-थॉमस, एलेक्स शिराई-पैटमोर (विकेटकीपर), शोमा सुगाया-स्लेटर, डेकलन सुजुकी-मैककॉम्ब, त्सुयोशी ताकादा, इब्राहिम ताकाहाशी, माकोतो तानियामा और लैचलान यामामोटो-लेक.
जापान के कप्तान केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग की खास बातें
केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग जापान के ऑल टाइम लीडिंग रन स्कोरर हैं ये खिलाड़ी 55 टी20 मैचों में 38 की औसत से 1871 रन बना चुका है. जिसमें 2 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं. इस खिलाड़ी का जन्म तो जापान में हुआ था लेकिन 7 साल की उम्र में वो ऑस्ट्रेलिया चले गए थे, जहां उन्होंने क्वींसलैंड के लिए अंडर 17 लेवल तक क्रिकेट खेला. 18 साल की उम्र में जापान क्रिकेट ने उनसे संपर्क किया और फिर वो हर साल जापान क्रिकेट खेलने आने लगे.
बता दें ये खिलाड़ी क्रिकेटर के अलावा एक बड़ी कंपनी में सीनियर फाइनेंशियल एनलिस्ट है. साथ ही फ्लेमिंग की अपनी प्लेयर मैनेजमेंट कंपनी भी है. केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को देखते हुए बड़े हुए हैं और भारत के खिलाफ जब टीम का मैच होता था तो उन्हें धोनी से काफी दिक्कत होती थी. एक इंटरव्यू में फ्लेमिंग ने बताया था कि धोनी जब क्रीज पर आते थे तो वो काफी असहज हो जाते थे. क्योंकि जबतक धोनी क्रीज पर होते थे ऑस्ट्रेलिया मैच हार सकता था. अब देखना ये है कि केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग के खिलाफ टी20 मैच में कैसा प्रदर्शन करते हैं.