जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन इसके बावजूद सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में उनकी सैलरी कम हो गई, अब रिपोर्ट्स हैं कि उनकी सैलरी बढ़ने वाली है. बीसीसीआई के अधिकारियों के बीच इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई चाहती है कि बुमराह जो कि सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की ए कैटेगिरी में हैं उनकी सैलरी कम नहीं होनी चाहिए. बीसीसीआई के सेंट्रल ए कॉन्ट्रैक्ट में सालाना पांच करोड़ रुपये मिलते हैं. बीसीसीआई ने ए प्लस कैटेगिरी को खत्म कर दिया है जिसके तहत बुमराह को 7 करोड़ मिलते थे.
बुमराह को पैसा देगी बीसीसीआई
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई रास्ता निकाल रही है कि कैसे बुमराह को पैसा दिया जाए. बीसीसीआई के सूत्र ने बताया, ‘बोर्ड इस बात का हल निकाल रहा है कि कैसे बुमराह को उनके हक का पैसा दिया जाए. कुछ और खिलाड़ी हैं जिनकी सैलरी कम हुई है और सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में अब बदलाव हो सकता है.’ अगर बीसीसीआई ने बदलाव किया तो टी20 टीम के उपकप्तान अक्षर पटेल को भी बीसीसीआई ज्यादा सैलरी दे सकती है. हैरत की बात ये है कि अक्षर पटेल ग्रेड सी कैटेगिरी में हैं और उनकी सैलरी सिर्फ एक करोड़ है. 2 टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी में जीत दिलाने में अक्षर पटेल का अहम योगदान था और ऐसे में कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने इस खिलाड़ी की सैलरी कम होने की आवाज उठाई थी लेकिन अब बीसीसीआई उनकी सैलरी बढ़ा सकती है.
BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में कौन सा खिलाड़ी किस कैटेगिरी में है?
- ग्रेड ए में शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा हैं.
- ग्रेड बी में रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, मोहम्मद सिराज और वॉशिंगटन सुंदर हैं.
- ग्रेड सी में अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, संजू सैमसन, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, नीतीश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा, साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई और ऋतुराज गायकवाड़ हैं.