कौन हैं अंडर-19 के मैचविनर शेर, रिकॉर्ड छठे वर्ल्ड कप ख़िताब के लिए तैयार हो गई अंडर-19 टीम इंडिया

Team India Ready for Record Sixth Tittle: भारत के अंडर-19 शेरों का दबदबा बरक़रार है. भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में रिकॉर्ड 10वीं बार फ़ाइनल में जगह बना ली है. सोलह में से रिकॉर्ड पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन भारतीय अंडर-19 टीम अपने छठे ख़िताब के लिए दमदार तरीके से तैयार हो गई है.

अंडर-19 भारतीय टीम ने हरारे में खेले गए सेमीफ़ाइनल मैच में अफग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ 41.1 ओवर में ही 3 विकेट पर 311 रन बनाकर भारतने 7 विकेट से जीत हासिल की और फ़ाइनल में जगह बना ली है. टूर्नामेंट के पहले सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 27 रनों से हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई. फ़ाइनल मुक़ाबला 6 फरवरी को हरारे में 5 बार के चैंपियन भारत और 1998 में एक बार ट्रॉफ़ी जीत चुकी इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा.

प्लेइंग XI के भारतीय शेर

एक नज़र डालते हैं टीम इंडिया के उस प्लेइंग XI पर जिन्होंने भारतीय टीम को रोमांचक और मुश्किल लग रहे अफ़ग़ानिस्तान के 311 के लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया.

1. एरॉन जॉर्ज, केरल

केरल के 19 साल के एरॉन जॉर्ज भारत के दूसरे उभरते संजू सैमसन माने जाते हैं. दांये हाथे के ये ओपनर मीडियम फास्ट गेंदबाज़ी भी करते हैं. एरॉन जॉर्ड का अंदाज़ बेहद आक्रामक है. एरॉन जॉर्ज टीम इंडिया के लिए पूरे टूर्नामेंट में नहीं चले. अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ सेमीफ़ाइनल में शतकीय पारी खेलकर उन्होंने सबकी भरपाई कर दी. अब फ़ाइनल में भी उनसे इसी आक्रामक अंदाज़ की उम्मीद रहेगी. सेमीफ़ाइनल में अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ उन्होंने 104 गेंदों पर 15 चौके और 2 छक्के लगाकर 115 रन बनाए.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में: 4 मैच, 132 रन, 44 औसत, 1 शतक

2. वैभव सूर्यवंशी, बिहार

टीम इंडिया के ओपनर वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप के शायद अबतक सबसे ज़्यादा मशहूर नाम हैं. आईपीएल में वो दुनिया भर के गेंदबाज़ों को अपना जौहर एक युवा और आक्रामक बल्लेबाज हैं। 14 साल की उम्र के बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी को क्रिकेट सर्किट में अगली बड़ी चीज या नेक्स्ट बिग थिंग माना जाता है. वैभव सूर्यवंशी ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में यूएई के खिलाफ 32 गेंद में शतक लगाकर अपना जलवा दिखाया था. उससे पहले वो राजस्थान रॉयल्स के लिए 38 गेंदों पर भी शतक लगा चुके हैं. 14 साल की उम्र में ही उनके नाम कई रिकॉर्ड कायम हो चुके हैं.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में: 6 मैच, 264रन, 44 औसत, 3 अर्द्धशतक

3. कप्तान आयुष म्हात्रे, मुंबई, महाराष्ट्र

भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे आक्रामक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं. आयुष म्हात्रे ने आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन कर अपनी अहमियत साबित की है. मौजूदा वर्ल्ड कप में भी वो टीम इंडिया के कामयाब कप्तान साबित हो रहे हैं. मुंबई के आयुष म्हात्रे ने 5 साल की उम्र से क्रिकेट की शुरुआत की और फिर दस साल बाह प्रोफेशनल क्रिकेट का रास्ता तय करना शुरू किया. बचपन में क्रिकेट के लिए वो हर रोज़ विरार से चर्चगेट तक की 80 किलोमीटर का सफ़र तय करते थे. मुंबई के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी वो शतकीय पारी खेल चुके हैं.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में: 6 मैच, 161 रन, 27 औसत, 2 अर्द्धशतक

4. विहान मल्होत्रा, पंजाब

टीम इंडिया के उपकप्तान विहान मल्होत्रा अंडर-19 वरल्ड कप में टीम इंडिया के हीरो साबित हुए हैं. पटियाला के विहान मल्होत्रा ने ज़िंबाब्वे के ख़िलाफ़ नाबाद 109 रनों की शतकीय पारी खेलकर टीम इंडिया को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. विहान अंडर-19 टीम के कमाल के ऑलराउंडर हैं. वो बांये हाथ के आक्रामक बल्लेबाज़ और (दांये हाथ के) ऑफ़स्पिनर हैं. 2026 के आईपीएल ऑक्शन में बेंगलुरु टीम ने उन्हें 30 लाख रुपये की रकम देकर खरीदा था. टूर्नामेंट के 6 मैचों में उन्होंने 5 विकेट भी झटके हैं.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में: 6 मैच, 191 रन, 64 औसत, 1 शतक// 5 विकेट, 3.62 इकॉनमी

5. वेदांत त्रिवेदी, गुजरात

गुजरात के वेदांत त्रिवेदी का हर फॉर्मैट के धुरंधर खिलाड़ी माने जाते हैं. वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भी वो टीम इंडिया के संकटमोचक बने और टीम इंडिया को जीत दिलाकर फ़ाइनल तक का सफर करवाने में अहम रोल अदा किया. पिछले साल सितबंर में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ ब्रिसबेन टेस्ट में वैभव सूर्यवंशी ने 9 चौके और 8 छक्के लगाकर 86 गेंदों पर 113 रन बनाए और सुर्खियों में छा गए थे. लेकिन उसी पारी में अंडर-19 टीम इंडिया के लिए अहमदाबाद के 18 साल के एक और धुरंधर वेदांत त्रिवेदी ने कमाल की बैटिंग की थी. वेदांत त्रिवेदी ने भी भारत के लिए ब्रिसबेन में हुए यूथ टेस्ट में मैचविनिंग शतकीय पारी (140 रन) खेली थी जिसे मीडिया में ज़्यादा तवज्जो नहीं मिली.

पाकिस्तान के ख़िलाफ़ दमदार अर्द्धशतक

पाकिस्तान के ख़िलाफ़ करो या मरो के मैच में वैभव सूर्यवंशी, एरॉन जॉर्ज समेत कप्तान आयुष म्हात्रे के तीन अहम विकेट सिर्फ़ 47 पर गिर गये. एक बार फिर चौथे नंबर पर आकर वेदांत ने अंगद की तरह पांव जमा दिए. पाकिस्तान के ख़िलाफ़ 98 गेंदों पर वेदांत ने 68 अहम रन जोड़े.

अहमदाबाद के लोकल टूर्नामेंट से ब्लू जर्सी का सफ़र

2007 में जन्मे अहमदाबाद के वेदांत त्रिवेदी वे दाएं हाथ के बल्लेबाज और उम्दा लेग स्पिनर माने जाते हैं. अहमदाबाद में स्थानीय टूर्नामेंटों में वो शुरुआत से ही छाये रहे और अंडर-19 टीम इंडिया में अपनी जगह बनाई. और पाकिस्तान के ख़िलाफ़ लाजवाब अर्द्धशतकीय पारी की के बाद उनका नाम सबकी ज़ुबान पर आ गया है.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में: 6 मैच, 98 रन, 25 औसत, 1 अर्धशतक

6. अभिज्ञान कुंडू, पंजाब

अंडर-19 टीम इंडिया के विकेटकीपर बैटर अभिज्ञान कुंडू बांये हाथे के दमदार बैटर हैं. पटियाला के 19 साल के अभिज्ञान कुंडू ऑफ़स्पिन गेंदबाज़ी भी करते रहे हैं. वर्ल्ड कप के 6 मैचों में उन्होंने दो अर्द्धशतकीय पारी खेलकर अहम रोल अदा किया है. उन्हें टीम इंडिया का क्राइसिस मैन भी कहा जाता है. बेंगलुरु की टीम ने आईपीएल में उन्हें इस साल 30 लाख रुपये में खरीदा.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में: 6 मैच, 199 रन, 67 औसत, 2 अर्धशतक

7. आरएस अंबरीश, तमिलनाडु

अंडर-19 टीम एक अहम ऑलराउंडर आरएस अंबरीश बांये हाथ के बैटर और दांये हाथे के मीडियम फ़ास्ट पेसर हैं जिन्होंने इस वर्ल्ड कप में अबतक 5 से कम की इकॉनमी रखते हुए 8 विकेट अपने नाम किये हैं. तमिलनाडु के लिए वो 2 फ़र्स्ट क्लास मैच भी खेल चुके हैं. उन्हें क्रिकेट विरासत में मिली है. उनके पिता आर सुकुमार तमिलनाडु के कप्तान रह चुके हैं.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में: 6 मैच, 55 रन, 19 औसत// 8 विकेट, 4.62 इकॉनमी

8. कनिष्क चौहान, हरियाणा

हरियाणा के झज्जर के कनिष्क चौहान ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मुक़ाबले में मैन ऑफ़ द मैच का ख़िताब जीता. उनके गांव में उसदिन खूब आतिशबाज़ी भी हुई. हरियाणा के ऑफ़स्पिनर ऑलराउंडर कनिष्क चौहान ने 6 मैचों में अबतक सिर्फ़ 4 की इकॉनमी रखते हुए 5 विकेट झटके हैं. कनिष्क चौहान ने अपनी गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया है.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में: 6 मैच, 5 विकेट, 4.00 इकॉनमी

9. खिलन पटेल, गुजरात

गुजरात के बांये हाथे के बैटर और बांये हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिन गेंदबाज़ खिलन पटेल की पहचान एक ऑलराउंडर खिलाड़ी के तौर पर की जाती है. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ़ 35 रन देकर 3 विकेट झटके थे और भारत की जीत में अहम रोल अदा किया था.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में: 6 मैच, 8 विकेट, 4.45 इकॉनमी

10. हेनिल पटेल, गुजरात

भारत की ओर से टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा 11 विकेट झटकने वाले वलसाड, गुजरात के दांये हाथ के मीडियम पेसर ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ ख़तरनाक ओपनर समीर मिन्हास को आउटकर अहम ब्रेक दिलाई थी. इसी टूर्नामेंट में उन्होंने अमेरिका के ख़िलाफ़ 16 रन देकर 5 विकेट झटकने का कारनामा भी किया था. वलसाड में 28 फ़रवरी 2007 को जन्मे हेनिल को उनके पिता ने बेहद छोटी उम्र में क्रिकेट खेलने की प्रेरणा दी और बहुत जल्द हेनिल वलसाड और गुजरात के लोकल टूर्नामेंट में अपना जलवा बिखेरने लगे.

लोकल टूर्नामेंट से बनी पहचान

गुजरात के अंडर-19 सेलेक्टर्स ने इस टैलेंट को पहचानने में देरी नहीं की. हेनिल ने 3 यूथ टेस्ट और 12 यूथ वनडे मैचों में उससे पहले 28 विकेट झटक लिए थे. पिछले महीने अंडर-19 एशिया कप में उन्होंने 4 मैचों में 5 विकेट अपने नाम किए थे.

जुजवा गांव की शान बने हेनिल

हेनिल वलसाड से 15किलोमीटर दूर जुजवा गांव के रहनेवाले हैं. इस गांव की आबादी 3500 लोगों से भी कम है. हेनिल डेल स्टेन के फ़ैन माने जाते हैं. इस आउटस्विंगर गेंदबाज़ ने हर स्तर पर क्रिकेट एक्सपर्ट्स को प्रभावित किया है और लगता है कि हेनिल के अच्छे दिन आनेवाले हैं.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में: 6 मैच, 11 विकेट, 4.19 इकॉनमी

11. बुलेट ट्रेन दीपेश देवेंद्रन, तमिलनाडु

तमिलनाडुक के 18 साल के दीपेश देवेंद्रन टीम इंडिया के उभरते पेसर गेंदबाज़ बनकर तैयार हो रहे हैं. अंडर-19 क्रिकेट में भी वो 135 किमी/ घंटा से लेकर 140 किमी/ घंटा की रफ़्तार से गेंदबाज़ी करते हैं. अपनी तेज गेंदबाज़ी से वो सबको प्रभावित करते रहे हैं.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में: 4 मैच, 4 विकेट, 5.72 इकॉनमी

Leave a Comment