आईपीएल 2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन में कैमरून ग्रीन सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया।
क्रिकेट पंडितों का कहना है कि केकेआर के कैमरून ग्रीन को खरीदने की पीछे की वजह दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल की भरपाई करना है। गौरतलब है कि आंद्रे रसेल लंबे समय तक कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रहे और उन्होंने ना सिर्फ अपनी बल्लेबाजी और पावर हिटिंग के दम पर टीम को कई मैच जिताई, बल्कि अपनी धारदार और ठिकाने पर डाली गई गेंदबाजी के कारण भी काफी उपयोगी साबित हुए।
फिलहाल एक भी गेंद नहीं डाल सकते ग्रीन
हालांकि, आईपीएल 2026 के शुरुआती फेज में कैमरून ग्रीन आंद्रे रसेल की भरपाई करते हुए नजर नहीं आ रहे हैं। उनकी पीठ की चोट के कारण क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ग्रीन को इस शर्त पर आईपीएल खेलने के लिए एनओसी दी है कि वे अगले कुछ सप्ताह तक बिल्कुल भी गेंदबाजी नहीं करेंगे और सिर्फ बल्लेबाजी के लिए खेलेंगे। ग्रीन के गेंदबाजी ना करने से केकेआर की टीम का संतुलन बिगड़ रहा है, क्योंकि टीम चाहती है कि वे एक ऑलराउंडर की भूमिका का निर्वाह करें। अगर ऐसा नहीं कर सकते तो उनकी जगह एक विशेषज्ञ बल्लेबाज को प्लेइंग इलेवन में शामिल करना चाहिए। लेकिन केकेआर ऐसा चाहकर भी नहीं कर सकती है, क्योंकि वे आईपीएल के इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। ग्रीन के गेंदबाजी ना करने पर पूर्व भारताय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी सवाल खड़े कर चुके हैं और कप्तान रहाणे खुद एक मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कह दिया था कि “ग्रीन क्यों गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं यह सवाल आप मुझसे नहीं, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछिए।”
बल्लेबाजी में निराशाजनक प्रदर्शन
ग्रीन ने साल 2026 में आईपीएल के कुल तीन मैच केकेआर की जर्सी में खेले हैं, जिसमें उन्होंने सिर्फ बल्लेबाजी की है और उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए पहले मुकाबले में जब सब बल्लेबाज अच्छी लय में दिखे थे वानखड़े की सपाट पिच पर 10 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 18 रन बनाए थे। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तो ग्रीन को गेंद ही नहीं समझ आई थी। उन्होंने दो गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन की राह नाप ली थी। बारिश के कारण रद्द हुए मैच में भी केकेआर ने जब टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया तब ग्रीन की बल्लेबाजी आई, लेकिन वे अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके और पंजाब किंग्स के खिलाफ सिर्फ 2 गेंदों का सामना करते हुए 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
आईपीएल 2026 में कैमरून ग्रीन का स्कोर
18 (10) मुंबई इंडियंस के खिलाफ
2 (2) सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ
4 (2) पंजाब किंग्स के खिलाफ
केकेआर के लिए साबित हो रहे घाटे का सौदा?
कैमरून ग्रीन का इस तरह से एक भी गेंद ना फेंकना और बल्लेबाजी में लगातार फेल होना केकेआर की फ्रंचाइजी के लिए घाटे का सौदा साबित हो रहा है। इस पर रविचंद्रन अश्विन ने विस्तार से बात करते हुए कहा था कि बतौर खिलाड़ी आपका प्रदर्शन अच्छा या खराब रहे चलता है लेकिन आप एफर्ट ही ना डालें ऐसा कैसे चलेगा। अश्विन ने तो यहां तक कह दिया था कि अगर कोई गेंदबाजी चार ओवर की गेंदबाजी करने से मना करता है तो उसके खिलाफ बीसीसीआई को एक्शन लेना चाहिए और पैसे काट लेने चाहिए।
पंजाब किंग्स ने किया टेबल टॉप
बता दें कि पंजाब किंग्स और केकेआर के बीच सोमवार को खेला जाने वाला मुकाबला शुरुआती कुछ ओवरों के बाद बारिश के कारण रद्द कर दिया गया, जिसकी वजह से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले। इस एक अंक के साथ पंजाब किंग्स पॉइंट्स टेबल पर पांच अंकों के साथ टॉप पर पहुंच गई है। ऑरेंज कैप समीर रिजवी के पास है, जबकि पर्पल कैप पर रवि बिश्नोई का कब्जा है।