आईपीएल 2026 में मंगलवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) की राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से भिड़ंत होगी। यह मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। मुंबई के बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे ने कप्तान हार्दिक पांड्या को लेकर अहम अपडेट दिया है।
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक आरआर मैच में खेलते हुए नजर आएंगे। वह अस्वस्थ होने के कारण दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ नहीं खेले थे, जिसमें एमआई को छह विकेट से हार झेलनी पड़ी। हार्दिक की गैर मौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कमान संभाली थी। मुंबई दो मैचों में एक जीत और एक हार के बाद अंक तालिका में फिलहाल छठे पायदान पर है। पांच बार की चैंपयिन मुंबई ने अपने पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 6 विकेट से शिकस्त दी थी।
‘हार्दिक पांड्या अब फिट और ठीक’
म्हाम्ब्रे ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ”हार्दिक पांड्या राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। वह चोटिल नहीं थे। वह बीमार थे। वह अब फिट और ठीक हैं।” हालांकि, बॉलिंग कोच ने हार्दिक के बिना भी टीम की ताकत का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कप्तान के बगैर भी टीम अलग-अलग हालात में अच्छा प्रदर्शन कर सकती हैं। एमआई ने डीसी मैच में ट्रेंट बोल्ट की जगह कॉर्बिन बॉश को शामिल किया था। जब पूछा गया कि क्या यह हार्दिक के उपलब्ध न होने की वजह से किया गया तो म्हाम्ब्रे ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा, ”हां, मुझे लगता है कि यह बस एक कॉम्बिनेशन है। जाहिर है कि हार्दिक आपको ऑलराउंडर का ऑप्शन देता है। वह उपलब्ध नहीं थे, इसलिए हमें एक ऐसे रिप्लेसमेंट की जरूरत थी जो हमारे लिए वह रोल निभा सके। यह पूरी तरह से एक टैक्टिकल फैसला था कि हम उसके साथ गए।”
हार्दिक अभ्यास में बेहतरीन लय में दिखे
खराब स्वास्थ्य के कारण पिछला मैच नहीं खेलने वाले हार्दिक ने आरआर मैच से पहले नेट्स पर अभ्यास किया। वार्मअप करने के बाद फिजियो नितिन पटेल की निगरानी में हार्दिक ने गेंदबाजी शुरू की और खाली नेट्स में अच्छी स्पीड के साथ यॉर्कर फेंके। इस दौरान बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड भी उन पर नजर रखे हुए थे। इसके बाद हार्दिक ने बल्लेबाजी अभ्यास भी किया और गेंद उनके बल्ले के बीच में आती दिखती रही। हार्दिक अभ्यास सत्र के दौरान बेहतरीन लय में दिखे। हार्दिक ने केकेआर के खिलाफ तीन ओवरों में 39 रन देकर एक विकेट लिए थे और 11 गेंद में 18 रन भी बनाए।