एडम जैंपा ने रचा इतिहास, तोड़ा शेन वॉर्न का रिकॉर्ड; इस पाकिस्तानी के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड

मिचेल मार्श की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे वनडे में 84 रनों से हराकर तीन मैच की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। हरारे में खेले गए दूसरे वनडे में कंगारुओं ने पहले बैटिंग करते हुए ट्रैविस हेड के तूफानी शतक के दम पर निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 356 रन बोर्ड पर लगाए।

इस स्कोर का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 48.3 ओवर में 272 के स्कोर पर ही सिमट गई। एडम जैंपा और जोश हेजलवुड समेत 2 अन्य गेंदबाजों ने भी 2-2 विकेट चटकाए। जैंपा ने इन दो विकेट के साथ इतिहास रच दिया।

एडम जैंपा ने तोड़ा शेन वॉर्न का रिकॉर्ड

एडम जैंपा ने इन 2 विकेट के साथ अपने वनडे करियर में 200 विकेट पूरे किए। वह बतौर स्पिनर ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। जी हां, उन्होंने पूर्व स्पिनर शेन वॉर्न का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वॉर्न ने 125 वनडे में यह उपलब्धि हासिल की थी और कई साल से यह रिकॉर्ड उनके नाम था। अब जैंपा इस लिस्ट में पहले पायदान पर पहुंच गए हैं।

ओवरऑल सक्लैन मुश्ताक नंबर-1

अगर ओवरऑल लिस्ट पर नजर डालें तो पाकिस्तान के दिग्गज स्पिनर सकलैन मुश्ताक के नाम बतौर स्पिनर वनडे में सबसे तेज 200 विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। उन्होंने यह कारनामा मात्र 104 मैचों में किया था। वहीं अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान लिस्ट में दूसरे पायदान पर है, जिन्होंने वनडे में 200 विकेट लेने के लिए 115 मैच लिए थे। जैंपा इस लिस्ट में 123 मैच के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

कोई भारतीय टॉप-5 में नहीं

वनडे में बतौर स्पिनर सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाजों की लिस्ट में कोई भारतीय नहीं है। सक्लैन, राशिद और जैंपा के बाद लिस्ट में शेन वॉर्न और आदिल रशिद का नाम है। लिस्ट में किसी भारतीय का नाम 7वें पायदान पर नजर आता है, जो अनिल कुंबले का है। कुंबले ने वनडे में 200 विकेट चटकाने के लिए 147 मैच लिए थे और आज तक उनका यह रिकॉर्ड कोई भारतीय नहीं तोड़ पाया है। हरभजन सिंह 178 मैचों के साथ लिस्ट में 10वें पायदान पर हैं।

Leave a Comment