ZIM-W vs WI-W 1st ODI: हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हेली मैथ्यूज ने बल्ले से तबाही मचाते हुए इतिहास रच दिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कैरेबियाई टीम के लिए कप्तान मैथ्यूज ने सिर्फ 156 गेंदों पर 182 रनों की विस्फोटक पारी खेली.
यह महिला वनडे इंटरनेशनल के इतिहास में किसी भी वेस्टइंडीज बल्लेबाज की ओर से बनाया गया अभी तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है.
हेली मैथ्यूज ने खेली रिकॉर्डतोड़ पारी
इस मैच में ओपनिंग करने उतरी हेली मैथ्यूज ने शुरुआत से ही तेज गति से रन बनाए. अपनी इस तूफानी मैराथन पारी के दौरान हेली मैथ्यूज ने मैदान के चारों तरफ चौकों-छक्कों की बरसात की. उन्होंने 116.66 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 26 चौके और 2 छक्के लगाए. इसी के साथ इस मुकाबले में तीन अंकों का आंकड़ा छूते ही हेली मैथ्यूज ने अपने वनडे करियर का 13वां शतक पूरा किया. वहीं, इंटरनेशनल क्रिकेट में तीनों फॉर्मेट को मिलाकर यह उनके बल्ले से निकला कुल 16वां शतक रहा.
हेली मैथ्यूज की इस धमाकेदार पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने 50 ओवरों में 6 विकेट खोकर 299 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इस दौरान सलामी बल्लेबाज रियलन्ना ग्रिमोंड ने कप्तान का बेहतरीन साथ निभाते हुए 70 गेंदों पर 7 चौकों और 1 छक्के की बदौलत 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए कुल 128 रन जोड़े. इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा नहीं छू सका.
हेली मैथ्यूज का इंटरनेशनल करियर
हेली मैथ्यूज ने वेस्टइंडीज के लिए अभी तक 109 वनडे मैचों में 37.48 की औसत से 3748 रन बनाए हैं. जिसमें 13 शतक के अलावा 8 अर्धशतक भी शामिल हैं. वहीं, 127 टी20 मैचों में 3382 रन बनाए हैं, टी20I फॉर्मेट में भी उनके नाम 3 शतक दर्ज हैं.