Yuzvendra Chahal: अधूरे सपने के साथ युजवेंद्र चहल हुए रिटायर, 50वां मैच खेले बिना ही किया ऐलान

भारत के स्टार स्पिनर रहे युजवेंद्र चहल ने संन्यास का ऐलान कर दिया है. टीम इंडिया के लिए लंबे समय तक वनडे और टी20 क्रिकेट खेल चुके लेग स्पिनर चहल ने फर्स्ट क्लास क्रिकटे से खुद को अलग करने का फैसला किया है.

चहल ने 2 अक्टूबर को एक सोशल मीडिया पोस्ट में ये ऐलान किया. चहल का ये ऐलान काउंटी चैंपियनशिप सीजन खत्म होने के बाद आया है, जिसमें उन्होंने नॉर्थैंप्टनशर के लिए दमदार प्रदर्शन किया. चहल ने अपने फैसले के बारे में बताते हुए कहा कि भारत के लिए टेस्ट मैच जीतने का उनका सपना अधूरा ही रह गया.

36 साल के युजवेंद्र चहल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में संन्यास का ऐलान करते हुए कहा कि जब वो 10 साल के थे, तब उन्होंने सबसे पहले रेड बॉल ही पकड़ी थी. तब से ही उनका क्रिकेट के लिए प्यार शुरू हो गया था जो सालों तक जारी रहा. चहल ने अपने टेस्ट क्रिकेट के सपने के अधूरे रहने का दर्द बयां किया और लिखा, “टेस्ट कैप हमेशा से एक सपना था, जो सालों तक मेरे साथ रहा. ये भले ही पूरा नहीं हो सका लेकिन मैं अपने सफर से संतुष्ट हूं.”

चहल ने 2009 में हरियाणा की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया लेकिन इस फॉर्मेट में उन्हें कभी भी ज्यादा सफलता नहीं मिली. उनका आखिरी मैच काउंटी चैंपियनशिप में लॉर्ड्स के मैदान पर आया. मगर वो अपने फर्स्ट क्लास करियर में 50वां मैच भी नहीं खेल पाए. अनुभवी लेग स्पिनर ने 49 मैच में 148 विकेट हासिल किए, जिसमें 6 बार उन्होंने एक पारी में 5 विकेट लिए. हाल ही में काउंटी चैंपियशिप के 5 मैच में भी उन्होंने 21 विकेट झटके.

चहल ने हालांकि साफ किया कि उनका जोश और जज्बा अभी खत्म नहीं हुआ है और वो क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे. चहल ने साथ ही कहा कि वो अभी भी भारत की वनडे और टी20 टीम में वापसी की उम्मीद कर रहे हैं और इसके लिए पूरा जोर लगा देंगे. चहल ने जनवरी 2023 में आखिरी वनडे और अगस्त 2023 में भारत के लिए आखिरी टी20 मैच खेला था. इसके बाद से ही वो टीम इंडिया से बाहर हैं.

Leave a Comment