WTC Points Table: बिना खेले अंक तालिका में टीम इंडिया को फायदा, वेस्टइंडीज की वजह से हुआ कमाल

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में एक टीम की हार दूसरी के लिए फायदे का रास्ता खोल सकती है। इस बार ऐसा ही कुछ देखने को मिला है। वेस्टइंडीज के हाथों बांग्लादेश की शिकस्त ने भारतीय टीम को बिना कोई मुकाबला खेले एक स्थान ऊपर पहुंचा दिया, तो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की हार ने उससे शीर्ष स्थान छीन लिया।

दो अलग-अलग टेस्ट मैचों के नतीजों ने 2025-27 की अंक तालिका का पूरा समीकरण बदल दिया है। अब न्यूजीलैंड पहले, दक्षिण अफ्रीका दूसरे और ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है, जबकि भारत ने चौथे पायदान पर जगह बना ली है।

बांग्लादेश की हार से भारत को हुआ फायदा

भारतीय टीम के लिए यह बदलाव राहत लेकर आया है। भारत ने अब तक 11 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें पांच में जीत मिली, चार में हार का सामना करना पड़ा और दो मुकाबले ड्रॉ रहे। टीम के खाते में 68 अंक हैं और उसका अंक प्रतिशत 51.52 है। इसी के साथ भारत पांचवें से चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

मीरपुर में वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को आठ विकेट से हराकर उसकी स्थिति कमजोर कर दी। बांग्लादेश ने इस सीजन में अब तक सात टेस्ट खेले हैं। इनमें तीन जीत और तीन हार मिली हैं, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। टीम के खाते में 40 अंक हैं और उसका अंक प्रतिशत घटकर 47.62 रह गया है। इस नतीजे के बाद उसे पांचवें स्थान पर खिसकना पड़ा और भारत को एक पायदान ऊपर जाने का मौका मिल गया।

दक्षिण अफ्रीका की जीत से ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर

अंक तालिका में सबसे बड़ा बदलाव दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे टेस्ट के बाद देखने को मिला। केपटाउन में मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 176 रन से हराया। इस जीत के साथ उसने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज भी 2-1 से अपने नाम कर ली।

दक्षिण अफ्रीका ने इस WTC सीजन में अब तक सात टेस्ट खेले हैं। टीम को पांच में जीत मिली है और दो में हार का सामना करना पड़ा है। उसके खाते में 60 अंक और 71.43 प्रतिशत अंक हैं। इस प्रदर्शन के दम पर वह दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।

ऑस्ट्रेलिया ने 13 टेस्ट में नौ जीत दर्ज की हैं और उसे चार मुकाबलों में हार मिली है। उसके कुल अंक 108 हैं, लेकिन अंक प्रतिशत 69.23 है। इसी वजह से कंगारू अब पहले स्थान से गिरकर तीसरे पर आ गए हैं।

टीम मैच जीत हार ड्रॉ डिडक्ट अंक प्रतिशत
न्यूजीलैंड 6 4 1 1 0 52 72.22
दक्षिण अफ्रीका 7 5 2 0 0 60 71.43
ऑस्ट्रेलिया 13 9 4 0 0 108 69.23
भारत 11 5 4 2 0 68 51.52
बांग्लादेश 7 3 3 1 0 40 47.62
इंग्लैंड 16 7 8 1 14 74 38.54
श्रीलंका 6 1 2 3 0 24 33.33
वेस्टइंडीज 13 3 8 2 2 42 26.92
पाकिस्तान 9 2 7 0 19 5 4.63

Leave a Comment