WPL 2027 Auction: विमेंस प्रीमियर लीग 2027 के लिए मिनी ऑक्शन का मंच पूरी तरह तैयार हो चुका है. कोच्चि में 28 अक्टूबर को होने वाले इस ऑक्शन के लिए कुल 146 महिला क्रिकेटर्स को शॉर्टलिस्ट किया गया है.
पांचों फ्रेंचाइजी मिलकर कुल 27 खाली स्लॉट्स को भरने के लिए दांव लगाएंगी. इस ऑक्शन पूल में भारत की विकेटकीपर-बल्लेबाज जी कमलिनी, ऑलराउंडर स्नेह राणा, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलीनेक्स और श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू जैसे कई बड़े इंटरनेशनल चेहरे शामिल हैं.
27 स्लॉट्स के लिए 146 खिलाड़ियों में जंग
विमेंस प्रीमियर लीग 2027 के ऑक्शन के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए 146 खिलाड़ियों में 22 कैप्ड भारतीय, 14 कैप्ड विदेशी, 97 अनकैप्ड भारतीय और 13 अनकैप्ड विदेशी खिलाड़ी अपनी किस्मत आजमाएंगी. इस बार खिलाड़ियों के लिए सबसे ऊंची बेस प्राइस 50 लाख रुपए रखी गई है, वहीं बाकी कैटेगरी 40 लाख, 30 लाख, 20 लाख और 10 लाख रुपए तय की गई हैं.
50 लाख के स्लैब में सिर्फ दो विदेशी खिलाड़ी
ऑक्शन के सबसे महंगे 50 लाख रुपए के ब्रैकेट में सिर्फ दो विदेशी खिलाड़ियों को जगह मिली है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से रिलीज की गईं ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलीनेक्स और इंग्लैंड की तूफानी बल्लेबाज सोफिया डंकले इस लिस्ट का हिस्सा हैं. सोफिया डंकले इससे पहले 2024 में गुजरात जायंट्स का हिस्सा रह चुकी हैं. वहीं, 40 लाख रुपए की बेस प्राइस कैटेगरी में भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई सितारों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी.
मुंबई इंडियंस की ओर से रिलीज की गईं हार्ड-हिटिंग विकेटकीपर-बल्लेबाज जी कमलिनी को 40 लाख के ब्रैकेट में रखा गया है. वहीं, भारत की पावर-हिटर किरण नवगिरे और ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी ऑलराउंडर जोड़ी जेस जोनासेन- हीथर ग्राहम भी इसी कैटेगरी में शामिल हैं.
30 लाख के सेगमेंट में स्नेह राणा और चामरी अटापट्टू
30 लाख रुपए की कैटेगरी में दो अनुभवी मैच-विनर्स पर फ्रेंचाइजियों की नजरें टिकी होंगी. दिल्ली कैपिटल्स की ओर से रिलीज की गईं भारतीय ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर स्नेह राणा और श्रीलंकाई कप्तान चामरी अटापट्टू इस सेगमेंट का हिस्सा हैं. इसके अलावा 20 लाख और 10 लाख रुपए की कैटेगरी में घरेलू और अनकैप्ड प्रतिभाओं की बड़ी कतार होगी, जहां टीमें अपनी बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत करने के लिए बोली लगाएंगी.