World Legends Pro T20 League 2026: वर्ल्ड लेजेंड्स प्रो T20 लीग 2026 अब अपने आखिरी स्टेज पर पहुंच चुका है. गोवा में 4 फरवरी की शाम इस लीग का फाइनल खेला जाएगा, जिसमें शिखर धवन के सामने काइरन पोलार्ड की कप्तानी वाली पुणे पैंथर्स की चुनौती होगी. शिखर धवन ने बतौर कप्तान अपनी टीम दुबई रॉयल्स को फ्रंट से लीड किया और उसके लिए ना सिर्फ सबसे बड़ी पारी बल्कि सबसे ज्यादा रन भी बनाए हैं. शिखर धवन के सामने फाइनल में हालांकि चुनौती और बड़ी रहने वाली है. उनके लिए अपने धमाके प्रदर्शन को बरकरार रखना सिर्फ इसलिए जरूरी नहीं है कि टीम खिताबी दंगल जीते बल्कि इसलिए भी जरूरी है कि वो खुद लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनकर उभरें.
11 छक्के, 203 रन… धवन ने टीम को फाइनल में पहुंचाया
फाइनल मुकाबले से पहले तक वर्ल्ड लेजेंड्स प्रो टी20 लीग 2026 में खेले 5 मुकाबलों में शिखर धवन 203 रन बना चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 11 छक्के और 17 चौके लगाए हैं. वहीं उनका सबसे बड़ा स्कोर 99 रन का रहा है. धवन ने दुबई रॉयल्स के लिए ये रन 50.75 की औसत और 176.52 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं.
फाइनल में शिखर धवन के सामने डबल चैलेंज
अब इस दमदार प्रदर्शन के साथ शिखर धवन जब फाइनल में पोलार्ड की टीम पुणे पैंथर्स के खिलाफ उतरेंगे तो वहां उनका सीधा मुकाबला रनों को लेकर मार्टिन गप्टिल से होगा. शिखर धवन के पास मार्टिन गप्टिल को पछाड़ने का ये आखिरी मौका होगा, जो कि वर्ल्ड लेजेंड्स प्रो टी20 लीग 2026 में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. मार्टिन गप्टिल ने फाइनल से पहले तक खेले 6 मैचों में 14 छक्के और 28 चौके के साथ 255 रन बनाए है, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 180.85 का रहा है वहीं औसत 42.50 का रहा है. गप्टिल का सबसे बड़ा स्कोर 104 रन का है.
दुबई रॉयल्स और पुणे पैंथर्स में फाइनल
शिखर धवन ने मार्टिन गप्टिल से जो एक मैच कम खेला है, उसका असर साफ दिख रहा है. लेकिन, फाइनल मुकाबले में कुछ भी हो सकता है. हो सकता है कि गप्टिल का बल्ला ना चले और शिखर धवन बड़ा स्कोर कर उनसे आगे निकल जाएं. हालांकि. ऐसा होगा कि नहीं, उसका पता तो मैच के दौरान या उसके बाद ही चलेगा. लेकिन, शिखर धवन की दुबई रॉयल्स और काइरन पोलार्ड की पुणे पैथर्स के बीच फाइनल तय है.
ऐसे दोनों टीमों ने फाइनल में बनाई जगह
पुणे पैंथर्स ने वर्ल्ड लेजेंड्स प्रो टी20 लीग 2026 के पहले सेमीफाइनल में राजस्थान लायन्स को 6 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया है. वहीं लीग के दूसरे सेमीफाइनल में दुबई रॉयल्स ने दिल्ली वॉरियर्स को 16 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की. ये दोनों सेमीफाइनल 3 फरवरी को खेले गए थे.