नई दिल्ली: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने आगामी वनडे वर्ल्ड कप के लिए हार्दिक पंड्या को टीम इंडिया के संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया है। गांगुली का मानना है कि हार्दिक को फिट और मैच के लिए तैयार रखना मुख्य कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक होगा।
वर्ल्ड कप 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा।
2019 और 2023 वर्ल्ड कप खेल चुके हैं हार्दिक
हार्दिक पंड्या भारत की ओर से 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप खेल चुके हैं। 2023 वर्ल्ड कप में वह बांग्लादेश के खिलाफ पुणे में मुकाबले के दौरान टखने की चोट का शिकार हुए थे, जिसके बाद वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। उनके ऑलराउंड कौशल के कारण टीम को बल्लेबाजी के साथ अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प भी मिलता है।
गांगुली ने कहा- हार्दिक को फिट रखना बड़ी चुनौती
सौरव गांगुली ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हार्दिक पंड्या वर्ल्ड कप में भारत के संतुलन के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्हें मैदान पर फिट रखना गंभीर और टीम की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। मुझे नहीं लगता कि वह पर्याप्त क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन भारत के लिए टीम का संतुलन सही होना जरूरी है।’ गांगुली ने आगे कहा, ‘अगर हार्दिक चोटिल होते हैं, तो अगला सबसे अच्छा विकल्प नितीश रेड्डी हैं।’
नितीश रेड्डी को भी लगातार क्रिकेट खेलना होगा
गांगुली के मुताबिक अगर टीम मैनेजमेंट हार्दिक के विकल्प के तौर पर नितीश कुमार रेड्डी को देखता है, तो उन्हें वर्ल्ड कप तक लगातार क्रिकेट खेलना होगा। उन्होंने रवींद्र जडेजा को भी एक विकल्प बताया।
उन्होंने कहा, ‘लेकिन अगर उन्हें हार्दिक पंड्या के दूसरे विकल्प के तौर पर नितीश रेड्डी को देखना है, तो उन्हें वर्ल्ड कप तक लगातार क्रिकेट खेलना होगा। जडेजा एक और विकल्प हैं। क्या वे उन्हें देखेंगे, यह अलग बात है, क्योंकि वह नंबर सात पर शानदार बल्लेबाज हैं और इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ खेल रहे हैं।’
साउथ अफ्रीका में सीमर ऑलराउंडर की जरूरत
गांगुली ने कहा कि अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों को देखते हुए भारत को एक सीमिंग ऑलराउंडर की जरूरत होगी। उन्होंने बताया कि भारत के शीर्ष पांच बल्लेबाज गेंदबाजी नहीं करते, इसलिए टीम को पांचवें या छठे गेंदबाजी विकल्प की तलाश करनी होगी।
गांगुली ने कहा, ‘लेकिन मुझे लगता है कि अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका में आपको एक सीमिंग ऑलराउंडर की जरूरत होगी, क्योंकि शीर्ष पांच में से कोई भी बल्लेबाज गेंदबाजी नहीं करता। इसलिए आपको पांचवां या छठा गेंदबाजी विकल्प कहीं से लाना होगा। यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां भारत को सही खिलाड़ी तलाशना होगा। और इसी वजह से मैं कहता हूं कि पंड्या बहुत महत्वपूर्ण हैं।’
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगी भारत की शुरुआत
आईसीसी ने गुरुवार को केपटाउन में 2027 पुरुष वनडे वर्ल्ड कप के कार्यक्रम का आधिकारिक ऐलान किया। भारत अपने अभियान की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा। यह मुकाबला 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के रीमैच के तौर पर भी देखा जा रहा है।
गांगुली ने भारत के पहले मुकाबले पर कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआत होना अच्छा है। उन्होंने भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बजाय संभावित दूसरे दौर में भारत और दक्षिण अफ्रीका की भिड़ंत को लेकर ज्यादा उत्साह जताया।
गांगुली ने भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर भी रखी राय
गांगुली ने कहा, ‘यह देखकर अच्छा लगा कि भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआत कर रहा है, क्योंकि हम भारत के पाकिस्तान के खिलाफ शुरुआत करने के बहुत आदी हो चुके हैं। आपको किसी भी चरण में दो अच्छी टीमों से खेलना होता है। इससे फर्क नहीं पड़ता कि मुकाबला पहले आता है या बाद में।’
उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि आईसीसी ने महसूस किया है कि भारत-पाकिस्तान अब प्रतिस्पर्धा के स्तर पर पहले जैसा मुकाबला नहीं रह गया है। पाकिस्तान काफी कमजोर है और भारत लंबे समय से उसे हराता आ रहा है। मैं वास्तव में भारत-दक्षिण अफ्रीका मुकाबले का इंतजार कर रहा हूं, जो संभवत: दूसरे दौर में होगा। दक्षिण अफ्रीका इस समय एक शानदार टीम है।’
दक्षिण अफ्रीका को बताया मजबूत टीम
गांगुली ने मौजूदा दक्षिण अफ्रीकी टीम की गहराई की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि टीम के कई नियमित खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा सीरीज में शामिल नहीं हैं, इसके बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराया है।
उन्होंने कहा, ‘इस समय ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेल रही टीम में दक्षिण अफ्रीका के कई नियमित खिलाड़ी भी शामिल नहीं हैं और फिर भी उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को हराया है। साथ ही, दक्षिण अफ्रीका में होने वाला वर्ल्ड कप शानदार होगा। मैं पिछले साल SA20 में शामिल था और फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट में दर्शकों की मौजूदगी अविश्वसनीय थी। हर मैदान और हर स्टैंड भरा हुआ था।’
2007 की गलती से सबक लेने की बात
पार्थिव ने किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेने की बात कही और 2007 वर्ल्ड कप का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, ‘हां, किसी भी टीम का अनादर नहीं करना चाहिए और वर्ल्ड कप में जाते हुए आप किसी को हल्के में नहीं लेते, क्योंकि हम 2007 में इसका अनुभव कर चुके हैं। इसलिए यह शेड्यूल निश्चित रूप से आपको अपने खिलाड़ियों को पूरी तरह मैनेज करने का मौका देता है।’
2027 वर्ल्ड कप की तारीख और मेजबान देश
आईसीसी ने 2027 पुरुष वनडे वर्ल्ड कप के कार्यक्रम की घोषणा के साथ टूर्नामेंट की तस्वीर साफ कर दी है। यह टूर्नामेंट 2 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। भारत की टीम को टूर्नामेंट में फिटनेस, सही टीम संयोजन और अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प पर खास ध्यान देना होगा।