India vs Thailand Women’s Asia Cup: महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। ग्रुप-ए के पहले मुकाबले में भारत का सामना थाईलैंड से हुआ। इस मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड को 94 रन से हरा दिया।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए, जिसके जवाब में थाईलैंड की पूरी टीम सिर्फ 65 रन पर ऑलआउट हो गई। आइए जानते हैं भारत और थाईलैंड के बीच हुए इस मुकाबले का पूरा हाल और कौन-कौन से खिलाड़ी रहे टीम इंडिया की जीत के स्टार।
भारत बनाम थाईलैंड एशिया कप मुकाबला
एशिया कप के अपने पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की। टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 159 रन बनाए। भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 36 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 64 रन की बेहतरीन पारी खेली। शेफाली ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और भारतीय टीम को तेज शुरुआत दिलाई। वहीं, स्मृति मंधाना 19 रन बनाकर रन आउट हो गईं और बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। प्रतिका रावल ने भी 24 रन का योगदान दिया। हालांकि, इसके बाद भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए। अंत में क्रांति गौड़ ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, जिसकी बदौलत भारतीय टीम 159 रन के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
गेंदबाजी में भारत ने दिखाया कमाल
बल्लेबाजी में उतार-चढ़ाव के बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। थाईलैंड की टीम ने पावरप्ले में 3 विकेट गंवाकर 39 रन बनाए थे, लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने पूरी तरह मैच पर अपना शिकंजा कस दिया। दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 7 गेंदों के स्पैल में बिना कोई रन दिए 3 विकेट हासिल किए। उनके अलावा नंदिनी शर्मा ने भी 3 विकेट झटके, जबकि श्री चरणी को 2 सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों के सामने थाईलैंड की बल्लेबाजी पूरी तरह बेबस नजर आई। पूरी टीम 16.1 ओवर में सिर्फ 65 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने मुकाबला 94 रन से अपने नाम कर लिया।
अब कब एक्शन में नजर आएगी भारतीय टीम?
थाईलैंड को हराने के बाद अब अपने अगले मुकाबले में 3 सितंबर को हांगकांग से भिड़ेगी। इसके बाद 5 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाएगा। एशिया कप के सेमीफाइनल मुकाबले 10 और 11 सितंबर को खेले जाएंगे, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 13 सितंबर को होगा। भारतीय टीम पिछले सीजन की भी चैंपियन रही है और इस बार भी खिताब बचाने के इरादे से मैदान पर उतरी है।
बड़ी जीत के बावजूद क्यों सता रही बल्लेबाजी की चिंता?
भारत ने थाईलैंड के खिलाफ 94 रन की बड़ी जीत जरूर हासिल की, लेकिन बल्लेबाजी ने टीम की चिंता बढ़ा दी है। शेफाली वर्मा को छोड़कर ज्यादातर बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। एक समय भारत मजबूत स्थिति में था, लेकिन इसके बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। टीम के कई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को अपनी गलतियों में सुधार करना होगा। गेंदबाजों ने थाईलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन टूर्नामेंट के अगले चरण में भारत को अपनी बल्लेबाजी में भी निरंतरता दिखानी होगी।
महिला एशिया कप को लेकर पूछे गए सवाल
1. भारत और थाईलैंड के बीच महिला एशिया कप 2026 का मैच कौन जीता?
भारतीय महिला टीम ने थाईलैंड को 94 रन से हराया।
2. भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन किसने बनाए?
शेफाली वर्मा ने 64 रन की शानदार पारी खेली।
3. भारत का अगला मुकाबला किस टीम से है?
भारत का अगला मुकाबला 3 सितंबर को हांगकांग के खिलाफ है।