भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के बाद अब टी20 मुकाबलों का रोमांच शुरू होने वाला है. दोनों टीमें 6 अक्टूबर से 5 मैचों की टी20 सीरीज में आमने-सामने होंगी. वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को 5 विकेट से हराकर शानदार वापसी की थी.
अब टी20 में वेस्टइंडीज के टीम के कुछ खिलाड़ी टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं. इनमें रोवमैन पॉवेल, रोमारियो शेफर्ड, शाई होप, अमीर जांगू और अकील हुसैन पर खास नजर रहेगी.
रोवमैन पॉवेल टी20 क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. वो तेजी से रन बनाने के साथ बड़े शॉट लगाने की क्षमता रखते हैं. अगर उन्हें क्रीज पर टिकने का मौका मिला तो वो कुछ ही ओवर में मुकाबले का रुख बदल सकते हैं. इसलिए भारतीय गेंदबाजों को उनके खिलाफ शुरुआत से ही सावधान रहना होगा.
रोमारियो शेफर्ड बल्ले और गेंद दोनों से कर सकते हैं परेशान
रोमारियो शेफर्ड वेस्टइंडीज के अहम ऑलराउंडर हैं. वो बल्ले से तेजी से रन बनाने के साथ गेंदबाजी में भी योगदान दे सकते हैं. खासकर निचले क्रम में उनके बड़े शॉट टीम इंडिया के लिए परेशानी पैदा कर सकते हैं.
शाई होप वेस्टइंडीज के कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं. भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में उन्होंने बिना आउट हुए 162 रन की शानदार पारी खेली थी. उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए टी20 सीरीज में भी भारतीय टीम को उनसे सावधान रहना होगा.
अमीर जांगू ने वनडे सीरीज में दिखाया अपना दम
अमीर जांगू ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने 3 मैचों में 239 रन बनाए, जिसमें 58, 114 और 67 रन की पारियां शामिल थीं. इसके बाद चोटिल ज्वेल एंड्रयू के कवर के तौर पर उन्हें टी20 टीम में शामिल किया गया है.
अकील हुसैन वेस्टइंडीज के अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर हैं. वो बीच के ओवरों में रन रोकने और विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं. भारतीय बल्लेबाजों को उनकी गेंदबाजी के खिलाफ संभलकर खेलना होगा.
टीम इंडिया को रहना होगा सावधान
टी20 क्रिकेट में कुछ ही ओवर मुकाबले का रुख बदल सकते हैं. ऐसे में भारत को इन पांच खिलाड़ियों के खिलाफ खास रणनीति के साथ उतरना होगा. पहला टी20 मुकाबला 6 अक्टूबर को लखनऊ में खेला जाएगा.