Who is Chinmay Sutar: दूसरे ही रणजी मैच में 400 रन! चिन्मय सुतार ने काटा गदर, कौन है ये खूंखार बल्लेबाज?

Chinmay Sutar 400 Runs: मिजोरम के 29 साल के बल्लेबाज चिन्मय सुतार ने रणजी ट्रॉफी में इतिहास रच दिया है. उन्होंने रणजी ट्रॉफी के जारी सीजन में मिजोरम की ओर से खेलते हुए नागालैंड के खिलाफ नाबाद 400 रनों की पारी खेली.

वह भारत के सिर्फ दूसरे ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट मैच की पारी में चौहरा शतक यानी 400 रन बनाए हैं. उनसे पहले महाराष्ट्र के बीबी निंबालकर ने साल 1948 में पुणे में नाबाद 443 रन की पारी खेली थी, जो रणजी ट्रॉफी इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है.

वहीं, अब चिन्मय सुतार ने रणजी ट्रॉफी इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बना दिया है. उन्होंने पृथ्वी शॉ को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 379 रनों की पारी खेली थी. चिन्मय सुतार ने सोविमा के नागालैंड क्रिकेट स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के मैच में यह उपलब्धि हासिल की.

कौन हैं चिन्मय सुतार?

29 साल के चिन्मय सुतार का करियर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. उन्होंने अंडर-23 में मुंबई की कप्तानी भी की है. मुंबई प्रीमियर लीग में चिन्मय ऑरेंज कैप भी जीत चुके है. वह मुंबई के लिए लिमिटेड ओवर मैच खेल चुके थे, लेकिन उन्हें फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेलने के मौके नहीं मिल पा रहे थे. इसकी वजह से उन्होंने 2026-27 सीजन से पहले मिजोरम क्रिकेट टीम का रुख किया. वह मिजोरम की टीम में बतौर ‘गेस्ट प्लेयर’ शामिल हुए. उन्होंने इसके लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से NOC ली और पिछले हफ्ते ही सीजन के पहले मैच में मिजोरम के लिए अपना रणजी डेब्यू किया. उनका ये फैसला उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ. मिजोरम की ओर से खेलते हुए चिन्मय ने अपने करियर के दूसरे ही फर्स्ट-क्लास मैच में नागालैंड के खिलाफ नाबाद 400 रन ठोककर इतिहास रच दिया.

चिन्मय सुतार की खास क्लब में एंट्री

चिन्मय सुतार ने क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है. वह भारत के सिर्फ दूसरे और दुनिया के 10वें ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 400 रन का आंकड़ा छुआ है. इस लिस्ट में ब्रायन लारा, डॉन ब्रैडमैन जैसे महान खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं. इसके अलावा पाकिस्तान के हनीफ मोहम्मद भी इस लिस्ट में शामिल हैं, जिन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 499 रनों की पारी खेली थी.

मैच का क्या हाल?

मैच की बात करें, तो इस मुकाबले में मिजोरम की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी. मिजोरम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. इसके बाद तीसरे नंबर पर आकर चिन्मय सुतार ने टीम की पारी को संभाला. वह एक छोर से डटे रहे, लेकिन दूसरे छोर से एक के बाद एक विकेट गिरते रहे. चिन्मय आखिर तक क्रीज पर टिके रहे और 517 गेंदों पर नाबाद 400 रन बनाकर लौटे. उनके बल्ले से 46 चौके और 7 छक्के आए. जहां एक ओर चिन्मय ने अकेले 400 रन बनाए, तो दूसरी ओर बाकी पूरी टीम ने मिलकर सिर्फ 181 रन ही बनाए. चिन्मय के अलावा सिर्फ विकेटकीपर बल्लेबाज जेहू एंडरसन ने अर्धशतक लगाया. उन्होंने 69 रनों की पारी खेली. इसके दम पर मिजोरम ने पहली पारी में 9 विकेट खोकर 581 रन बनाकर पारी घोषित की.

Leave a Comment