Saptahik Rashifal 29 June to 05 July 2026 (साप्ताहिक भविष्यफल 29 जून से 05 जुलाई 2026): आने वाला हफ्ता आपके लिए नए मौके और कुछ बहुत जरूरी सबक लेकर आ रहा है. हफ्ते के शुरू के दिनों में धनु राशि के चंद्रमा आपके भीतर एक नया जोश और उम्मीद जगाएंगे, जिससे आपके दिमाग में अच्छे-अच्छे विचार आएंगे. इसके बाद, जब चंद्रमा मकर राशि में जाएंगे, तब जातकों को अपनी जिम्मेदारियों का अहसास होने लगेगा. हफ्ते के आखिरी दिनों में जब चंद्रमा कुंभ राशि में चले जाएंगे, तो लोगों से मेलजोल बढ़ेगा, जिससे आगे की प्लानिंग करने में आसानी होगी. 29 जून से कर्क राशि में बुध भी वक्री होने जा रहे हैं इसलिए जल्दबाजी में आकर कोई भी बड़ा फैसला नहीं ले, धैर्य रखें.
यह हफ्ता साफ इशारा कर रहा है कि अगर आप सोच-समझकर कदम बढ़ाएंगे, तो सफलता मिलेगी. हफ्ते के शुरू के दिनों में धनु राशि के चंद्रमा आपके भीतर कुछ नया सीखने, कहीं घूमने जाने और जिंदगी में कुछ बड़ा करने का एक अलग ही हौसला जगाएंगे. फिर सोमवार की दोपहर के बाद से जब चंद्रमा मकर राशि में जाएंगे, तब आपके भीतर एक अलग ही अनुशासन आ जाएगा और आप आने वाले समय के लिए लंबी व पक्की प्लानिंग करने में जुट जाएंगे. इसके बाद, गुरुवार से कुंभ राशि के चंद्रमा की वजह से लोगों से आपका मेलजोल बढ़ेगा और टीम के साथ मिलकर काम करने से आपको फायदा होगा.
मेष साप्ताहिक राशिफल 29 जून से 05 जुलाई 2026
यह हफ्ता अपनी सोच को बड़ा करने और कुछ नया सीखने का है. हफ्ते के शुरू के दो-तीन दिन (29 जून से 1 जुलाई की दोपहर तक) आपके लिए बहुत बढ़िया रहेंगे. अगर आप पढ़ाई-लिखाई से जुड़े हैं, कहीं लंबी यात्रा पर जाने का सोच रहे हैं या कुछ नया सीखने की कोशिश कर रहे हैं, तो आपको पूरा सपोर्ट मिलेगा.
फिर सोमवार (1 जुलाई) की दोपहर से लेकर गुरुवार (4 जुलाई) तक का समय आपके काम-धंधे के लिए बड़ा अहम है. इस दौरान आपको अपने करियर, ऑफिस के काम और अपनी जिम्मेदारियों पर पूरा फोकस करना चाहिए. इसके बाद, गुरुवार (4 जुलाई) से स्थितियां और बेहतर होंगी. नए लोगों से आपके संपर्क बढ़ेंगे और जो योजनाएं काफी समय से रुकी हुई थीं, वे दोबारा शुरू हो जाएंगी.
बस एक छोटी सी बात का ध्यान रखें कि इस हफ्ते ग्रहों की उल्टी चाल की वजह से घर-परिवार में बातचीत के दौरान थोड़ी गलतफहमी हो सकती है या किसी काम में अकारण देरी हो सकती है. ऐसी स्थिति में परेशान होने के बजाय थोड़ा धीरज रखें और बहुत व्यावहारिक होकर ही अपनी बात कहें.
उपाय: रोजाना सुबह उठकर सूर्यदेव को तांबे के पात्र से अर्घ्य (जल) दें. हर दिन नियम से 11 बार ओम मंगलाय नमः मंत्र का स्पष्ट जाप करें.
वृषभ साप्ताहिक राशिफल 29 जून से 05 जुलाई 2026
यह हफ्ता आपकी जिंदगी में कई बढ़िया और पॉजिटिव बदलाव लेकर आने वाला है. हफ्ते के शुरू के दो-तीन दिन आपका पूरा दिमाग इसी बात में लगा रहेगा कि पैसों की सही प्लानिंग कैसे की जाए और कामकाज में पार्टनर्स की गतिविधियों पर कैसी नजर रखी जाए.
फिर सोमवार की दोपहर के बाद से समय आपके फेवर में मुड़ेगा. अगर आप पढ़ाई-लिखाई से जुड़े हैं तो आपको अच्छी कामयाबी मिलेगी, कहीं घूमने-फिरने जाने का मौका मिलेगा और जिंदगी को देखने का आपका नजरिया भी बदलेगा. इसके बाद, गुरुवार आते-आते आपके करियर की गाड़ी तेजी से दौड़ेगी. ऑफिस में आपके काम की जमकर तारीफ होगी और तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे. वैसे भी इस समय आपके भीतर जोश और हिम्मत कूट-कूट कर भरी है, जिससे आप हर काम को पूरे दमखम से निपटा लेंगे.
बस एक छोटी सी बात का ख्याल रखें कि इस हफ्ते ग्रहों की उल्टी चाल के कारण किसी भी जरूरी कागजात, एग्रीमेंट या पेपरवर्क पर साइन करने से पहले उसे अच्छी तरह से पढ़ लें, जल्दबाजी बिल्कुल न दिखाएं.
उपाय: शुक्रवार के दिन किसी जरूरतमंद को चावल, दूध या सफेद रंग की मिठाई दान करें. घर में सुख-समृद्धि की स्थिरता के लिए नियमित रूप से माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करें.
मिथुन साप्ताहिक राशिफल 29 जून से 05 जुलाई 2026
यह पूरा हफ्ता आपके आपसी रिश्तों और पर्सनल लाइफ के इर्द-गिर्द घूमने वाला है. हफ्ते के शुरू के दो-तीन दिन आप दूसरों की भावनाओं और उनकी जरूरतों को बहुत अच्छे से समझ पाएंगे, जिससे आपके करीबी लोग आपसे काफी खुश रहेंगे.
फिर 1 जुलाई की दोपहर के बाद से आपको अपनी जेब पर थोड़ा ध्यान देना होगा. यह समय आपको सचेत करेगा कि फालतू के खर्चों पर रोक लगाएं और पैसों का सही हिसाब-किताब बनाकर चलें. इसके बाद, गुरुवार आते-आते स्थितियां बदलेंगी. आपको अपनी बात दूसरों के सामने रखने, कहीं घूमने-फिरने जाने या कुछ नया और बड़ा सीखने के बेहतरीन मौके मिलेंगे.
एक मजेदार बात यह है कि इस हफ्ते ग्रहों के फेर की वजह से आपके कुछ पुराने दोस्त या पुराने बिजनेस पार्टनर अचानक आपसे दोबारा संपर्क कर सकते हैं. अगर पुरानी कोई गलतफहमी या गिले-शिकवे चल रहे थे, तो उन्हें भुलाकर रिश्तों को फिर से ठीक करने के लिए यह सबसे बढ़िया समय है.
उपाय: बुधवार के दिन गायों को अपने हाथों से ताजा हरा चारा या हरी घास खिलाएं. प्रतिदिन सुबह के समय शांत मन से ओम बुधाय नमः मंत्र का जाप करें.
कर्क साप्ताहिक राशिफल 29 जून से 05 जुलाई 2026
यह हफ्ता आपके काम-धंधे और रिश्तों के बीच तालमेल बिठाने का है. हफ्ते के शुरू के दो-तीन दिन आपके काम की रफ्तार बहुत बढ़िया रहेगी. आपका डेली रूटीन एकदम सेट हो जाएगा और जितने भी पुराने अटके हुए काम थे, उन्हें आप फटाफट निपटा लेंगे. फिर सोमवार की दोपहर के बाद से आपका पूरा ध्यान अपने बिजनेस पार्टनर, जीवनसाथी और जरूरी मीटिंग्स पर चला जाएगा. इसके बाद, 4 जुलाई के आते-आते आप पैसों के मामलों में पहले से ज्यादा समझदार हो जाएंगे और किसी भी बात पर भावुक होने के बजाय मैच्योरिटी से काम लेंगे.
इस हफ्ते आपके मन में अपने करियर या पर्सनल गोल्स को लेकर थोड़ी उथल-पुथल रह सकती है और आपको लगेगा कि अपनी प्राथमिकताओं को थोड़ा बदलने की जरूरत है. लेकिन अच्छी बात यह है कि आपकी समझदारी और सूझबूझ इस समय इतनी गजब की रहेगी कि आप हर कदम पर सही फैसला लेंगे, जो आगे चलकर आपको बड़ा फायदा देगा.
उपाय: सोमवार के दिन शिवलिंग पर दूध मिश्रित जल और सफेद फूल श्रद्धापूर्वक चढ़ाएं. मानसिक अशांति से बचने और एकाग्रता बढ़ाने के लिए रोज सुबह कुछ देर ध्यान लगाएं.
सिंह साप्ताहिक राशिफल 29 जून से 05 जुलाई 2026
यह हफ्ता अपनी खूबियों, टैलेंट और स्टाइल को खुलकर दूसरों के सामने दिखाने का है. हफ्ते के शुरू के दो-तीन दिन तो एकदम अच्छे रहने वाले हैं. आपका मन मौज-मस्ती करने, अपने शौक पूरे करने और पार्टनर के साथ अच्छा वक्त बिताने में ज्यादा लगेगा. फिर सोमवार (1 जुलाई) की दोपहर के बाद से आप अपने काम और सेहत को लेकर थोड़ा सीरियस रहेंगे.
ऑफिस के कामकाज में लापरवाही बिल्कुल न बरतें और खाने-पीने पर थोड़ा कंट्रोल रखें, नहीं तो तबीयत ख़राब हो सकती है. इसके बाद, गुरुवार को आपकी शादीशुदा जिंदगी में मिठास घुलेगी, बिजनेस में पार्टनर के साथ ट्यूनिंग अच्छी होगी और लोगों से आपके संबंध बेहतर होंगे. मजेदार बात यह है कि गुरुवार की शाम से लोग आपकी तरफ खींचे चले आएंगे, आपका ठाट-बाट और रौब दोनों बढ़ जाएगा. अगर आप अपने रिश्तों को और मजबूत या रोमांटिक बनाना चाहते हैं, तो यह समय उसके लिए एकदम परफेक्ट है.
उपाय: रोज सुबह उठकर सूर्य नारायण को जल का अर्घ्य जरूर दें. इस पूरे हफ्ते अपनी बात को ऊपर रखने की जिद या किसी भी तरह के ईगो-क्लैश से दूर रहें.
कन्या साप्ताहिक राशिफल 29 जून से 05 जुलाई 2026
यह हफ्ता घर-परिवार में खुशियां लाने और अपनों के साथ अच्छा समय बिताने का है. हफ्ते के शुरुआती दो-तीन दिन आपका पूरा ध्यान घर के रखरखाव, पारिवारिक मामलों और माता-पिता की सुख-सुविधाओं पर रहेगा.
फिर सोमवार की दोपहर के बाद से आपका आत्मविश्वास काफी बढ़ जाएगा. आपको कुछ नया सीखने और अपनी क्रिएटिविटी दिखाने का मन करेगा. इसके बाद, 4 जुलाई के आते-आते काम के मामले में आपका प्रदर्शन बहुत शानदार हो जाएगा और ऑफिस में आप अपने सारे काम बहुत अच्छे से निपटा पाएंगे.
बस एक बात का ध्यान रखिएगा कि ग्रहों की चाल की वजह से इस हफ्ते परिवार का कोई पुराना या अटका हुआ मुद्दा दोबारा सामने आ सकता है. ऐसी स्थिति में आपको जल्दबाजी या गुस्से में आकर कुछ भी बोलने के बजाय बेहद ठंडे दिमाग और शांति से बात को संभालना होगा.
उपाय: बुधवार के दिन किसी मंदिर में या गरीब लोगों को हरी ताजी सब्जियों का दान करें. कोई भी जरूरी काम या मीटिंग शुरू करने से पहले विघ्नहर्ता भगवान गणेश का ध्यान करें.
तुला साप्ताहिक राशिफल 29 जून से 05 जुलाई 2026
यह हफ्ता आपकी बातचीत के तरीके और सही प्लानिंग के दम पर आगे बढ़ने का है. हफ्ते के शुरू के दो-तीन दिन आपके लिए बहुत बढ़िया रहेंगे. अगर कोई जरूरी बिजनेस मीटिंग है, कहीं छोटी-मोटी यात्रा पर जाना है या कोई नई डील पक्की करनी है, तो उसमें आपको पक्की कामयाबी मिलेगी.
1 जुलाई की दोपहर के बाद से आपका ध्यान काम से थोड़ा हटकर अपने घर-परिवार, सुख-सुविधाओं और घर की जिम्मेदारियों पर चला जाएगा. आपका मन करेगा कि थोड़ा समय घर की सुख-शांति के लिए निकाला जाए. इसके बाद, गुरुवार आते-आते आपकी लव लाइफ और दोस्तों के साथ मेलजोल में खुशियां बढ़ेंगी.
आपको नए आइडियाज भी आएंगे. इसी दिन शाम से आपके दोस्त और जानने वाले लोग आपकी मदद के लिए आगे आएंगे, जिससे आपको बड़ा सपोर्ट मिलेगा. ऑफिस या काम की जगह पर अगर कोई पुरानी समस्या चल रही थी, तो आप अपनी समझदारी से उसे बहुत आसानी से सुलझा लेंगे.
उपाय: शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी के चरणों में गुलाब का इत्र या सुगंधित फूल अर्पित करें. बिना वजह दूसरों के काम में कमियां निकालने या उनकी पीठ पीछे आलोचना करने से बचें.
वृश्चिक साप्ताहिक राशिफल 29 जून से 05 जुलाई 2026
यह हफ्ता थोड़ा पैसा जोड़कर अपने धन की स्थिति को मजबूत करने का है. हफ्ते के शुरू के दो-तीन दिन आपका पूरा ध्यान इसी बात में लगा रहेगा कि फालतू के खर्चे कैसे रोकें और आने वाले समय के लिए थोड़ा बैंक बैलेंस कैसे बढ़ाएं. फिर 1 जुलाई की दोपहर के बाद से आपकी बातों में एक अलग ही दम आ जाएगा. आप अपनी बात इतनी सफाई से रखेंगे कि सामने वाला आपकी बात तुरंत मान जाएगा. इसके बाद, 4 जुलाई के आते-आते आपका मन काम-धंधे से थोड़ा हटकर अपने घर-परिवार, मम्मी-पापा और घर की सुख-शांति पर चला जाएगा.
बस एक छोटी सी बात का ध्यान रखें कि इस हफ्ते अगर आप कहीं बाहर जाने का प्लान बना रहे हैं या आपका कोई जरूरी कागजी काम (जैसे सरकारी काम या एग्रीमेंट) होना है, तो उसमें अचानक थोड़ी देरी या रुकावट आ सकती है. इसलिए चिड़ने या परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, थोड़ा सब्र रखें और जल्दबाजी में कोई भी बड़ा फैसला न लें.
उपाय: मंगलवार के दिन हनुमान जी के मंदिर जाकर उन्हें लाल फूल और बूंदी का प्रसाद चढ़ाएं. किसी भी बात पर अचानक भड़कने या इमोशनल होकर जवाब देने के बजाय खुद पर नियंत्रण रखें.
धनु साप्ताहिक राशिफल 29 जून से 05 जुलाई 2026
धनु राशि वालों के लिए यह हफ्ता वाकई कमाल का रहने वाला है. आप जहाँ भी जाएंगे, लोग आपकी ही बातें करेंगे और आप हर जगह छाए रहेंगे. 29 जून से लेकर 1 जुलाई की दोपहर तक तो आपका समय इतना बढ़िया है कि आपका हौसला, काम करने की फुर्ती और जोश सातवें आसमान पर रहेगा. जो भी काम हाथ में लेंगे, उसे पूरे मन से पूरा करेंगे. इसके बाद, आपका पूरा ध्यान पैसों की तरफ जाएगा कि कैसे थोड़ी बचत बढ़ाई जाए और फिजूलखर्ची रोककर सही जगह पर पैसा लगाया जाए.
फिर 4 जुलाई से आपकी बातचीत का तरीका और बेहतर हो जाएगा. जिससे लोगों से आपका संपर्क बढ़ेगा और भाई-बहनों के साथ रिश्ते मजबूत होंगे. इसी दौरान आपका मन थोड़ा शांत होगा और किसी लंबी धार्मिक यात्रा पर जाने या पूजा-पाठ के कामों में आपका मन लगेगा. बस एक बात याद रखें कि ज्यादा ख्याली पुलाव पकाने के बजाय जमीन से जुड़कर प्रैक्टिकल होकर सोचें, ताकि सामने आने वाले अच्छे मौकों का आप पूरा फायदा उठा सकें.
उपाय: गुरुवार के दिन किसी धार्मिक स्थान पर पके हुए पीले फल, चने की दाल या हल्दी दान करें. जीवन में सही फैसले लेने और अच्छे मार्गदर्शन के लिए रोजाना ओम गुरवे नमः का जाप करें.
मकर साप्ताहिक राशिफल 29 जून से 05 जुलाई 2026
मकर राशि वालों के लिए यह हफ्ता बाहर की भागदौड़ से थोड़ा ब्रेक लेने, ठंडे दिमाग से सोचने और आगे की प्लानिंग करने का है. हफ्ते की शुरुआत में आपका मन करेगा कि पहले के छूटे हुए कामों को निपटा लें और थोड़ी शांति के लिए अकेले में समय बिताएं.
फिर 1 जुलाई की दोपहर से आपका आत्मविश्वास एकदम लौट आएगा और लोग आपके बारें में पूछेंगे. आप अपने कामकाज की जगह पर आगे बढ़कर जिम्मेदारी संभालेंगे और लोग आपकी बात मानेंगे. इसके बाद, 4 जुलाई से आपका पूरा ध्यान बैंक बैलेंस बढ़ाने और पैसों के सही इस्तेमाल पर टिक जाएगा. बस एक बात का ध्यान रखें कि 29 जून से ग्रहों की चाल थोड़ी उल्टी हो रही है, इसलिए किसी भी नए काम में आंख मूंदकर कूदने के बजाय अपनी पुरानी योजनाओं को ही एक बार अच्छे से जांच-परख लें.
उपाय: शनिवार की शाम को पीपल के पेड़ के पास तिल के तेल का दीपक जलाएं. शनिदेव के मंदिर जाकर उनकी आराधना करें और न्याय के देवता के प्रति सम्मान व्यक्त करें.
कुंभ साप्ताहिक राशिफल 29 जून से 05 जुलाई 2026
कुंभ राशि वाले इस हफ्ते लोगों के साथ मिल-जुलकर काम करेंगे. यह समय आगे की बड़ी प्लानिंग के लिए बहुत सही है. हफ्ते की शुरुआत में नए लोगों से मिलने-जुलने, अपनी जान-पहचान बढ़ाने और दोस्तों की मदद से अपने काम निपटाने के बढ़िया मौके मिलेंगे.
1 जुलाई की दोपहर के बाद आपको थोड़ा सुस्ताने और आराम करने का समय मिलेगा. आप ठंडे दिमाग से अपने काम या धंधे को आगे बढ़ाने की नई तरकीबें सोच पाएंगे. इसके बाद, 4 जुलाई से आपके अंदर एक अलग ही जोश और गजब का भरोसा देखने को मिलेगा. इस समय आपकी इच्छाएं काफी बड़ी होंगी, इसलिए इस अच्छे समय का पूरा फायदा अपने बड़े लक्ष्यों को पूरा करने में लगाएं. बस एक बात का ध्यान रखें कि काम के चक्कर में कहीं आपके घर-परिवार और निजी रिश्तों का बैलेंस न बिगड़ जाए.
उपाय: नियमित रूप से पक्षियों के लिए दाना-पानी रखें. राहु के अशुभ प्रभावों से बचने के लिए रोज 108 बार ओम राहवे नमः मंत्र का जाप करें.
मीन साप्ताहिक राशिफल 29 जून से 05 जुलाई 2026
मीन राशि वालों के लिए यह हफ्ता कामकाज, बिजनेस और समाज में नाम कमाने के लिए बहुत ही शानदार रहेगा. आपकी किस्मत इस समय आपको आगे बढ़ाएगी, जिससे नौकरी या धंधे में आपको अपनी मेहनत का पूरा फल और तारीफ मिलेगी.
1 जुलाई की दोपहर से आपके लिए बहुत बढ़िया योग बन रहे हैं, जिससे ऑफिस के साथियों, बड़े अधिकारियों या आपकी जान-पहचान के दम पर कोई बड़ा काम आपके हाथ लग सकता है या अच्छा पैसा मिल सकता है. इसके बाद, 4 जुलाई से काम का तनाव थोड़ा कम होगा, जिससे आपको बड़ी राहत मिलेगी और आपका मन पूजा-पाठ, योग या भगवान की भक्ति में लगेगा. इस समय शनि महाराज आपको अपनी जिंदगी में थोड़ा कायदे-कानून और अनुशासन से चलने की सीख देंगे. बस एक बात समझ लीजिए कि अभी ग्रहों की चाल थोड़ी उल्टी चल रही है, इसलिए जल्दबाजी में किसी भी नए बड़े सौदे या वादे पर बिना सोचे-समझे हां मत बोलिएगा.
उपाय: सोमवार या शनिवार के दिन शिवलिंग पर काले तिल वाला शुद्ध जल चढ़ाएं. रोजाना शाम के समय कुछ वक्त पूजा, प्रार्थना या किसी आध्यात्मिक किताब पढ़ने में बिताएं.
ये भी पढ़ें-
साल 2026 में आपकी किस्मत के सितारे क्या कहते हैं? सभी 12 राशियों का वार्षिक भविष्यफलॉ
ये साल किन मूलांक वालों के लिए है लकी, किसे करना पड़ेगा स्ट्रगल? अंक ज्योतिष से जानें अपना वार्षिक राशिफल
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र की जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी प्रकार के सुझाव के लिए astropatri.com पर संपर्क करें.
