WCL 2026: गेल और डिविलियर्स दहाड़े, 27 छक्के लगे, आमने-सामने की टक्कर में कौन हारा, कौन जीता?

क्रिस गेल. उम्र- 47 साल. एबी डिविलियर्स. उम्र- 42 साल. दोनों 40 के पार. लेकिन, क्रिकेट के मैदान पर इनकी दहाड़ देख लगता है, जैसे इनके लिए उम्र बस एक नंबर है. इस बात की सबसे ताजा मिसाल देखने को मिली वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स 2026 में 4 अक्टूबर की शाम मुकाबले में.

शारजाह की पिच पर क्रिस गेल और एबी डिविलियर्स आमने-सामने थे. दोनों ने अपनी-अपनी टीमों के लिए ऐसा तूफान मचाया कि दर्शकों का फुल पैसा वसूल हुआ. अब सवाल है कि गेल और डिविलियर्स की आमने-सामने की लड़ाई में जीता कौन और हारा कौन?

छक्के-चौके बरसाने में गेल-डिविलियर्स रहे बराबर

गेल और डिविलियर्स की आमने-सामने की लड़ाई में छक्के-चौके बरसाने के मामले में दोनों बराबरी पर रहे. मतलब जितने छक्के-चौके एबी डिविलियर्स ने मारे उतने ही छक्के-चौके क्रिस गेल ने भी अपनी टीम के लिए भी लगाए. हालांकि, क्रिस गेल की इनिंग एबी डिविलियर्स के मुकाबले विस्फोटक ज्यादा रही.

एबी डिविलियर्स ने साउथ अफ्रीका चैंपियंस के लिए 39 गेंदों में 5 छक्के और 4 चौके की मदद से 179.49 की स्ट्राइक रेट के साथ 70 रन बनाए तो वहीं क्रिस गेल की इनिंग का स्ट्राइक रेट 193.55 का रहा. गेल ने वेस्टइंडीज चैंपियंस के लिए 31 गेंदों पर 60 रन ठोके, जिसमें 5 छक्के और 4 चौके शामिल रहे.

गेल Vs डिविलियर्स: कौन जीता, कौन हारा?

अब सवाल है कि कौन जीता, कौन हारा? साउथ अफ्रीका चैंपियंस और वेस्टइंडीज चैंपियंस के इस मैच में कुल 27 छक्कों के साथ 387 रन बने. पहले खेलते हुए साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने 17 छक्के के साथ 242 रन जड़ दिए, जो कि WCL में उसका सबसे बड़ा स्कोर है. वहीं साउथ अफ्रीका चैंपियंस से मिले 243 रन के टारगेट का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज चैंपियंस 145 रन पर ही सिमट गई और 97 रन से मुकाबला गंवा दिया.

मतलब ये कि गेल की गर्जना तेज जरूर थी. मगर डिविलियर्स का पलड़ा उन पर भारी रहा. ऐसा होने की सबसे बड़ी वजह रही वेस्टइंडीज चैपियंस के वो 9 बल्लेबाज, जो साथ में मिलकर भी अकेले क्रिस गेल से ज्यादा रन नहीं बना पाए. वहीं साउथ अफ्रीका चैंपियंस 242 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही क्योंकि वहां सिर्फ डिविलियर्स नहीं बरसे. उनके अलावा रिचर्ड लेवी भी बरसे, जिन्होंने 223.08 की स्ट्राइक रेट से 39 गेंदों में 87 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के शामिल रहे.

Leave a Comment