Watch: जसप्रीत बुमराह के आगे कांपे टॉम लैथम के पैर! लगातार दूसरी बार शून्य पर आउट

न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम जब दूसरी पारी में डेवोन कॉनवे के साथ बल्लेबाजी करने आए तो उन्होंने पहली गेंद पर स्ट्राइक तो ले ली, लेकिन उनके हाव-भाव में डर नजर आ रहा था. बता दें कि इस मैच की पहली पारी में लैथम ने स्ट्राइक नहीं ली थी.

दोनों पारियों में बुमराह ने उन्हें पहले ही ओवर में शून्य पर आउट किया. बता दें कि भारत ने पहली पारी 720 रनों पर घोषित कर दी है, जिससे पहली पारी में टीम इंडिया के पास 352 रनों की बढ़त बनी. भारत के लिए ऋषभ पंत, केएल राहुल ने शतक जड़ा.

दूसरी पारी में टॉम लैथम के हाव-भाव में डर नजर आ रहा था. उनके ऊपर मानसिक दबाव था, क्योंकि जसप्रीत बुमराह ने उन्हें पहली पारी में पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर आउट किया था. वो खतरनाक गेंद थी, जिस पर न्यूजीलैंड कप्तान बोल्ड हुए थे. उन्हें लगा था कि गेंद बाहर की तरफ निकल जाएगी, लेकिन गेंद इनस्विंग होती हुई विकेट को उड़ा गई. इसका डर दूसरी पारी में भी रहा. मानों वह ऐसी गेंदों पर बचाव की तैयारी करके ही उतरे थे. लगा कि उन्होंने प्लान किया था कि गेंदों को छोड़ेंगे नहीं, क्योंकि इसी गलती में उन्हें पहली पारी में आउट होना पड़ा था.

जसप्रीत बुमराह ने दूसरी पारी के पहले ओवर की दूसरी गेंद शरीर से दूर फेंकी, जिस पर लैथम डरे नजर आए और उन्होंने बल्ला लगाने का प्रयास किया. ऐसा लगा कि उन्होंने गेंद को पूरी तरह नहीं खेला, नतीजा ये हुआ कि गेंद बल्ले को छूते हुए विकेटकीपर के दस्तानों में गई. ऋषभ पंत के लिए आसान सा कैच बना और लैथम लगातार दूसरी पारी में शून्य पर आउट हुए.

 

 

खबर लिखे जाने तक न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 20 ओवरों में 1 विकेट खोकर 59 रन बना लिए हैं. न्यूजीलैंड अभी भी 293 रन पीछे है. कॉनवे 28 और पहली पारी में शतक लगाने वाले हेनरी निकोल्स 31 पर खेल रहे हैं.

Leave a Comment