नजफगढ़ का नवाब, मुल्तान का सुल्तान, टेस्ट क्रिकेट में दो तिहरे शतक लगाने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग का आज 48वां जन्मदिन है. वीरेंद्र सहवाग ने अपने करियर में कई रिकॉर्ड बनाए लेकिन इसके साथ-साथ उन्होंने कई ऐसी घटनाओं को भी अंजाम दिया जो आज भी याद की जाती हैं.
सहवाग के जन्मदिन के मौके पर जानिए उनकी वो कहानी जिसका जिक्र दिग्गज लेग स्पिनर शेन वॉर्न ने अपनी किताब में भी किया. क्या आपको पता है वीरेंद्र सहवाग ने अपनी टीम को बचाने के लिए गेंद मैदान से बाहर फेंक दी थी.
सहवाग ने मैदान के बाहर क्यों फेंक दी थी गेंद?
ने इंग्लिश काउंटी क्रिकेट भी खेला था और वो लेस्टरशर के लिए खेल रहे थे. उनके सामने मिडिलसेक्स की टीम थी और गेंदबाजी कर रहे थे पाकिस्तान के ऑलराउंडर अब्दुल रज्जाक. रज्जाक पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग करवा रहे थे और उन्हें खेलना मुश्किल हो रहा था. तबी सहवाग को एक आइडिया आया और उन्होंने अपने साथी बल्लेबाज जेरेमी स्नेप को एक प्लान बताया. उन्होंने कहा कि मैं इस गेंद को मैदान के बाहर फेंक देता हूं. अगले ओवर में सहवाग ने एक शॉट खेला और गेंद ग्राउंड के बाहर चली गई. अंपायर को नई गेंद मंगवानी पड़ी. अंपायरों ने नई गेंद मंगवाई और वो एकदम से रिवर्स नहीं होती. सहवाग ने इसके बाद कहा कि अब हम एक घंटे तक सुरक्षित हैं. वॉर्न को सहवाग की ये चाल काफी पसंद आई थी और इस घटना को उन्होंने अपनी किताब में भी लिखा.
अपने करियर में सहवाग ने कई कारनामे किए
- टेस्ट में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड सहवाग के नाम है, उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 319 रन ठोके थे.
- टेस्ट में 5000 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे अच्छा स्ट्राइक रेट सहवाग के नाम है. उन्होंने 82.23 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए.
- वनडे में कम से कम 5 हजार रन बनाने वाले ओपनर्स में सबसे ज्यादा 104.72 का स्ट्राइक रेट सहवाग का ही है.
- सहवाग ने अपनी टेस्ट पारी में 202 रन सिर्फ छक्के-चौकों से बना डाले थे, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में रिकॉर्ड है.
- एक दिन में अकेले सबसे ज्यादा 284 रन ठोकने का रिकॉर्ड भी सहवाग के नाम है.
- सहवाग ने टेस्ट में सबसे ज्यादा 250 प्लस रनों की पारी खेली है. उन्होंने चार बार ये कमाल किया.
- पावरप्ले के अंदर सबसे ज्यादा 7 वनडे अर्धशतक बनाने में सहवाग नंबर 1 इंडियन हैं.
- टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज तिहरा शतक ठोकने का रिकॉर्ड सहवाग के नाम है, उन्होंने 278 गेंद में ये कमाल किया था.
- टेस्ट में सबसे ज्यादा 150 प्लस रनों की पारी खेलने का रिकॉर्ड सहवाग के नाम है, उन्होंने 14 बार ये कमाल किया.
- एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा 302 चौके लगाने का रिकॉर्ड सहवाग के नाम है, साल 2008 में उन्होंने सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा था.
- एक साल में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने का रिकॉर्ड सहवाग के नाम है, ये उन्होंने 13 बार किया.
- आईपीएल के मिडिल ओवर्स में कम से कम 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों में सहवाग का बेस्ट स्ट्राइक रेट है. उनका स्ट्राइक रेट 172.68 था.
- आईपीएल में दिल्ली फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा 10 प्लेयर ऑफ द मैच सहवाग ने ही जीते हैं.