पुजारा ने 21वीं सदी के बेस्ट नंबर-3 को लेकर चौंकाया, टॉप 5 में खुद को नहीं रखा; लिस्ट में एक भारतीय

भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने अपने टेस्ट करियर में 103 मैच खेले और 7195 रन बनाए, जिसमें 43.60 का औसत रहा। इस दौरान उनके बल्ले से 19 शतक और 35 शतक निकले। पुजारा को ‘द वॉल 2.0’ कहा जाता।

उन्होंने राहुल द्रविड़ की तरह ही बेहतरीन तकनीक, जबर्दस्त धैर्य और लंबे समय तक क्रीज पर डटे रहने की क्षमता दिखाई। पुजारा ने अपने करियर में अधिकतर समय नंबर-3 पर ही बल्लेबाजी की। हालांकि, पुजारा से जब 21वीं सदी के पांच बेस्ट नंबर-3 बल्लेबाजों को चुनने के लिए कहा गया तो उन्होंने चौंका दिया। पुजारा ने इस लिस्ट में खुद को शामिल नहीं किया। उन्होंने अपनी फेहरिस्त में साउथ अफ्रीका के दो जबकि श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और भारत का एक-एक प्लेयर रखा।

पुजारा ने टॉप 5 के बाद टॉप 3 भी चुने

दरअसल, पुजारा से क्रिकइन्फो पर सवाल किया गया कि वह 21वीं सदी में टेस्ट क्रिकेट के बेस्ट नंबर-3 में खुद को किस स्थान पर रखते हैं? जब टॉप 20 और टॉप 10 के बारे में पूछा गया तो पुजारा ने उसमें खुद को चुना। वहीं, टॉप 5 पर पूजारा ने कहा, ”मैं उसमें खुद को नहीं रखूंगा।” इसके बाद, पुजारा ने अपने पांच पसंदीदा नंबर-3 बल्लेबाजों के नाम बताए। उन्होंने इस लिस्ट में राहुल द्रविड़, रिकी पोंटिंग, जैक कैलिस, हाशिम अमला और कुमार संगकारा को रखा। इनमें से जब टॉप 3 चुनने को कहा गया तो पुजारा ने द्रविड़, कैलिस और अमला का जिक्र किया। बता दें कि टेस्ट में नंबर-3 पर बैटिंग करने के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर संगकारा के नाम दर्ज है। उन्होंने 207 पारियों में 11679 रन जुटाए।

पुजारा ने नंबर-3 पर कितने रन बनाए?

पूर्व भारतीय कप्तान द्रविड़ ने नंबर-3 पर उतरने के बाद 219 पारियों में 10524 रन बटोरे। उन्होंने अपने करियर में कुल 164 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 13288 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान पोंटिंग ने नंबर-3 पर 196 पारियों में 9904 रन बनाए। उनके बाद न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज केन विलियमसन (174 पारियों में 8866) और साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर अमला (174 पारियों में 7993) हैं। पुजारा सूची में छठे पायदान पर हैं। उन्होंने तीन नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 155 पारियों में 6529 रन जोड़े, जिसमें 44.41 का औसत था। उन्होंने टेस्ट में 19 में से 18 शतक इसी पोजीशन पर जमाए। साउथ अफ्रीका के पूर्व ऑलहाउंडर कैलिस फेहरिस्त में 20वें स्थान पर हैं। उन्होंने 78 पारियों में 3335 रन बनाए।

Leave a Comment