Video: एन्गिडी ने फेंकी IPL 2026 की सबसे खतरनाक गेंद, पूरन अपने ही पैरों पर बैट मारकर हुए बोल्ड

Lungi Ngidi Ball: निकोलस पूरन को लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए जाना जाता है. लेकिन आईपीएल 2026 के पहले मैच में वो बुरी तरह फेल हो गए. इस खिलाड़ी के बल्ले से 8 ही रन निकले और उनका स्ट्राइक रेट भी 8 रन रहा. कोई भी बल्लेबाज किसी भी मैच में फेल हो सकता है लेकिन पूरन ने दिल्ली के खिलाफ जिस तरह से अपना विकेट गंवाया वो काफी चौंकाने वाला था. दरअसल पूरन को दिल्ली के तेज गेंदबाज लुंगी एन्गिडी ने ऐसी गेंद फेंकी जिसका उन्हें अंदाजा तक नहीं हुआ.

लुंगी एन्गिडी की कमाल गेंद पर बोल्ड हुए पूरन

निकोलस पूरन का विकेट 9वें ओवर की पांचवीं गेंद पर गिरा. लुंगी एन्गिडी ने उन्हें एक स्लोअर गेंद पर फंसाया जिसका उन्हें अंदाजा तक नहीं लगा. लुंगी एन्गिडी की इस गेंद पर पूरन इस तरह फंसे कि उन्होंने शॉट खेलते हुए बैट अपने पांव पर दे मारा. गेंद उनके पैड्स और बल्ले के बीच से निकल गई और वो बोल्ड हो गए. लुंगी एन्गिडी ने ये स्लोअर गेंद टी20 वर्ल्ड कप के दौरान डेवेलेप की थी और वहां भी उन्होंने कमाल प्रदर्शन किया था.

एन्गिडी ने झटके 3 विकेट

लुंगी एन्गिडी को दिल्ली कैपिटल्स ने डेब्यू कैप दी और उन्होंने पहले ही मैच में 3 विकेट लेकर टीम के फैसले को सही साबित किा. एन्गिडी ने लखनऊ की पिच पर 3.4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट झटके. इस खिलाड़ी ने पूरन के साथ-साथ नॉर्ख्या और मोहसिन खान को भी आउट किया. गजब बात ये है कि एन्गिडी ने पहले ओवर में 10 रन दे दिए थे लेकिन इसके बाद उन्होंने अगली 16 गेंदों पर 17 रन देकर 3 विकेट चटका दिए.