Varun Chakravarthy: 1575 दिन बाद खुला वरुण चक्रवर्ती का खाता, पाकिस्तान से ऐसे लिया बदला

Varun Chakravarthy vs Pakistan: कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली. इस मैच में भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन किया और यह उनके लिए काफी खास रहा. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला विकेट हासिल किया, जो 1575 दिनों (4 साल से ज्यादा) का इंतजार पूरा करने वाला पल था.

वरुण चक्रवर्ती का बदला पूरा

दरअसल, वरुण चक्रवर्ती ने अपना टी20 वर्ल्ड कप डेब्यू 2021 में पाकिस्तान के खिलाफ ही किया था. दुबई में खेले गए उस मैच में उन्होंने 4 ओवर में 33 रन लुटाए थे और एक भी विकेट नहीं ले सके थे. उस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था और लगभग तीन साल तक वह भारतीय टीम से दूर रहे. 2021 के बाद से उन्होंने कड़ी मेहनत की, नई वैरिएशंस पर काम किया और अब वर्ल्ड के नंबर 1 टी20 स्पिनर बनकर लौटे.

इस मैच में वरुण ने 3 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 2 विकेट चटकाए. उन्होंने फहीम अशरफ को आउट करके पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला विकेट लिया, जो उनके लिए काफी खास पल साबित हुआ. इसके बाद उन्होंने अबरार अहमद को भी अपना शिकार बनाया. उनकी कसी हुई गेंदबाजी ने पाकिस्तान की कमर को तोड़ दिया और मैच को भारत के पक्ष में कर दिया. पाकिस्तान के बल्लेबाजों के सामने उनकी मिस्ट्री स्पिन और कंट्रोल ने सबको प्रभावित किया. यह जीत न सिर्फ टीम के लिए, बल्कि वरुण के व्यक्तिगत सफर के लिए भी यादगार रही.

View this post on Instagram

A post shared by Varun Chakaravarthy (@chakaravarthyvarun)

भारत के सबसे सफल गेंदबाज

वरुण चक्रवर्ती टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं. उन्होंने 3 मैचों में कुल 9 विकेट चटकाए हैं. खास बात भी है कि वह काफी किफायती भी साबित हो रहे हैं. उन्होंने अभी तक सिर्फ 5.33 की इकॉनमी से रन खर्च किए हैं. यानी बल्लेबाज वरुण चक्रवर्ती के सामने रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें