Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी से क्या चाहते हैं उनके पिता? कहा- तब तक बड़ा क्रिकेटर नहीं मानूंगा, जब तक…

Vaibhav Suryavanshi, U19 World Cup: वैभव सूर्यवंशी ने अंडर 19 वर्ल्ड कप में 30 छक्के लगाए, 439 रन बनाए. वो सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले बल्लेबाज तो बने ही. उसके साथ टूर्नामेंट में उनकी बल्लेबाजी का स्ट्राइक रेट से भी सबसे ज्यादा रहा. इन तमाम कीर्तिमानों के साथ वैभव ने अंडर 19 वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. इन सब रिकॉर्डों को बनाने के बाद दुनिया को 14 साल के वैभव सूर्यवंशी का लोहा मानने लगी है. मगर उनके पिता संजीव सूर्यवंशी को लगता है कि इतने से काम नहीं चलने वाला. वो अपने बेटे वैभव को अभी बड़ा क्रिकेटर नहीं मानते.

जब तक टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलेगा, तब तक बड़ा नहीं

TV9 हिंदी से बातचीत में वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी ने बताया कि उनका बेटा अभी बड़ा क्रिकेटर बना नहीं. अभी उसे बड़ा बनने के लिए काफी कुछ हासिल करना है. पिता ने बताया कि उनकी नजर में उनके बेटे के बड़ा क्रिकेटर होने से मतलब उसके टेस्ट क्रिकेट खेलने से है. पिता संजीव सूर्यवंशी के मुताबिक वैभव जब तक टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलता वो बड़ा क्रिकेटर नहीं बन सकता.

वैभव के इंडिया की सीनियर टीम में खेलने पर पिता ने क्या कहा?

वैभव सूर्यवंशी को लेकर उनके पिता ने आगे कहा कि वैभव अभी बड़ा प्लेयर बनने की प्रक्रिया में है. अभी उसे दूर तलक जाना है. जब हमने संजीव सूर्यवंशी से पूछा कि वो वैभव को कितनी जल्दी इंडिया खेलते देख रहे हैं तो उसके जवाब में उन्होंने कहा कि उसका काम अभी बस मेहनत करते रहना है और सामने आने वाले मौकों को भुनाकर खुद को साबित करते रहना है. ये उसके हाथ में है. रही बात इंडिया खेलने की तो उसे फैसला BCCI का होगा.

U19 वर्ल्ड कप जीतने के बाद वैभव ने ट्रॉफी पिता को दिखाई

वैभव सूर्यवंशी ने अंडर 19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रन की पारी खेलकर टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. भारत की जीत में बेटे की कामयाबी से उनके पिता बेहद खुश हैं. वैभव सूर्यवंशी फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बनने के अलावा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बने थे. वैभव के पिता ने TV9 को बताया कि फाइनल जीतने के बाद उसने वीडियो कॉल कर ट्रॉफी दिखाई थी.