IPL 2026 में अपने पहले ही मैच में महज 15 गेंदों में अर्धशतक ठोकने वाले वैभव सूर्यवंशी की दीवानगी हिंदुस्तान की सरहद पार कर पाकिस्तान में भी पहुंच गई है. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने इस बात का डर जताया है कि जब ये खिलाड़ी 25 साल का होगा तो क्या होगा? अकमल ने कहा कि सूर्यवंशी को 25 की उम्र में रोक पाना मुश्किल होगा. उन्होंने साथ ही कहा कि वैभव सूर्यवंशी अब टीम इंडिया में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है और मुमकिन है कि उन्हें आईपीएल के बाद मौका मिल जाए.
वैभव सूर्यवंशी के मुरीद अकमल
कामरान अकमल ने पाकिस्तानी मीडिया से बातचीत में कहा, ‘सिर्फ 8 मैचों में उन्होंने कई रिकॉर्ड बना दिए हैं. उनके नाम एक शतक भी है. मुझे लगता है कि टीम इंडिया के आने वाले मुकाबलों में उन्हें आईपीएल के बाद मौका मिल जाएगा. वो जल्द ही टी20 टीम में नजर आएंगे. उन्होंने खुद को हर जगह साबित कर दिया है. अगर वो ऐसे ही परफॉर्म करते रहे तो उन्हें जरूर मौका मिलेगा.’ भारत को आईपीएल के बाद आयरलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज खेलनी है, अगर वैभव ने आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन कर दिया तो ये खिलाड़ी इस सीरीज में नजर आ सकता है.
25 की उम्र में क्या करेंगे वैभव?
कामरान अकमल ने कहा, ‘सूर्यवंशी के पिता और उनके परिवार को अपने बेटे पर गर्व होना चाहिए. जिस तरह से इस खिलाड़ी को उनके पिता, कोच ने संभाला है वो काबिलेतारीफ है. जिस तरह का प्रदर्शन वो कर रहे हैं उससे उम्मीदें बढ़ती जाएंगी. जब ये खिलाड़ी 25 साल का हो जाएगा मुझे डर है कि गेंदबाजों को ये पता नहीं होगा कि सूर्यवंशी को रोकना कैसे है.’
वैभव सूर्यवंशी का है आईपीएल में जलवा
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में अभी 8 ही मैच खेले हैं और उन्होंने 38 की औसत से 304 रन बनाए हैं. इस खिलाड़ी ने अबतक 29 छक्के लगा दिए हैं. इस खिलाड़ी का स्ट्राइक रेट 218.7 का है और ये खिलाड़ी 35 गेंदों में शतक लगाने का कारनामा भी कर चुका है.