Vaibhav Sooryavanshi: कोच ने बताया वैभव सूर्यवंशी की फील्डिंग का सच, सवाल उठने पर दिया ये जवाब

Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में 15 साल के सनसनीखेज बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं. राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने अपनी विस्फोटक पारी से न सिर्फ विरोधी गेंदबाजों की रातों की नींद उड़ाई है, बल्कि पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. कई दिग्गज उन्हें भारतीय क्रिकेट के भविष्य के रूप में देख रहे हैं. हालांकि उनकी बल्लेबाजी की तारीफों के बीच एक मुद्दा बार-बार चर्चा में आ रहा है वो है उनकी फील्डिंग का.

वैभव की फील्डिंग पर असिस्टेंट कोच का बड़ा बयान

भारत के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ और संजय मांजरेकर जैसे दिग्गजों ने वैभव की फील्डिंग पर सवाल उठाए हैं. खासतौर पर सीजन की शुरुआत में उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा जा रहा था, जिसके कारण उन्हें मैदान पर फील्डिंग करने का ज्यादा मौका ही नहीं मिल पा रहा था. वहीं, कुछ मैचों में वैभव सूर्यवंशी की ओर से मिसफील्ड भी देखने को मिली है. जिसके चलते उनकी फील्डिंग सवालों के घेरे में है. इस मुद्दे पर अब राजस्थान रॉयल्स के असिस्टेंट कोच ट्रेवर पेनी ने सफाई दी है.

राजस्थान रॉयल्स के असिस्टेंट कोच ट्रेवर पेनी ने टीम के आखिरी लीग से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘वह बहुत अच्छा फील्डर है. वह अच्छे से मूवमेंट करता है, गेंद की दिशा का अंदाजा लगाता है और डाइव भी करता है. उसे इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेलाने का उसकी फील्डिंग से कोई लेना-देना नहीं है. यह सिर्फ परिस्थितियां हैं.’

ऑरेंज कैप की रेस में वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी के लिए आईपीएल 2026 अभी तक काफी अच्छा रहा है. वह 13 मैचों में 44.53 की औसत से 579 रन बना चुके हैं. जिसमें उन्होंने 3 अर्धशतक के साथ एक शतक भी जड़ा है. खास बात ये भी है कि वैभव सूर्यवंशी ने ये रन 236.32 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं, जो बाकी बल्लेबाजों के मुकाबले काफी ज्यादा है. वह फिलहाल ऑरेंज कैप की रेस में चौथे स्थान पर है. उनके पास आखिरी लीग मैच में बड़ी पारी खेलकर नंबर-1 बनने का मौका भी होगा.