वैभव सूर्यवंशी वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले हैं. इसे लेकर कोई अगर- मगर नहीं है क्योंकि उसकी दिन और तारीख पहले से तय भी हो चुकी है. वैभव सूर्यवंशी इस चिल्ड्रंस डे यानी बाल दिवस के मौके पर इतिहास रचेंगे.
बड़ी बात ये है कि उस वर्ल्ड रिकॉर्ड की स्क्रिप्ट लिखकर इतिहास रचने का काम वैभव क्रिकेट की फील्ड पर ही करेंगे. अब आप सोच रहे होंगे कि वैभव सूर्यवंशी ऐसा क्या करने वाले हैं?
चिल्ड्रंस डे पर क्या करने वाले हैं वैभव सूर्यवंशी?
चिल्ड्रंस डे के मौके पर वैभव सूर्यवंशी के उस ऐतिहासिक कारनामें का ताल्लुक क्रिकेट में उन्हें हासिल होने वाली एक बड़ी कामयाबी से जुड़ा है. वैभव सूर्यवंशी चिल्ड्रंस डे यानी 14 नवंबर के दिन SMAT यानी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का मुकाबला खेलने उतरने वाले हैं. इस मुकाबले के लिए मैदान पर उतरते ही वो इतिहास रच देंगे.
14 नवंबर को ऐसे बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड
14 नवंबर को T20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की टीम अपना पहला मुकाबला सौराष्ट्र के खिलाफ खेलेगी. ये मुकाबला इंदौर में खेला जाएगा. वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले के लिए बिहार का कप्तान बनाया गया है. ऐसे में जब वो उस मैच को खेलने मैदान पर उतरेंगे तो उसी के साथ दुनिया के सबसे कम उम्र के T20 कप्तान होने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लेंगे.
किसका रिकॉर्ड तोडे़ेंगे वैभव सूर्यवंशी?
वैभव सूर्यवंशी 15 साल और 232 दिन की उम्र में किसी T20 टीम की कप्तानी करने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे. इससे पहले ये वर्ल्ड रिकॉर्ड क्रोएशिया के जैक वुकुसिक के नाम था, जिन्होंने पिछले साल साइप्रस के खिलाफ 17 साल और 311 दिन की उम्र में T20 टीम की कप्तानी की थी.
भारत में सबसे कम उम्र में T20 टीम की कप्तानी करने का रिकॉर्ड महिपाल लोमरोर के नाम है, जिन्होंने साल 2018 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में ही 18 साल और 67 दिन की उम्र में राजस्थान की कप्तानी झारखंड के खिलाफ मुकाबले में की थी.
साफ है वैभव सूर्यवंशी 14 नवंबर को इंदौर में सौराष्ट्र के खिलाफ होने वाले मुकाबले में बिहार की T20 टीम की कप्तानी करते हुए, ना सिर्फ भारतीय बल्कि वर्ल्ड रिकॉर्ड को भी तोड़ देंगे.