Vaibhav Sooryavanshi target: IPL 2026 का आगाज होते ही सबकी निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर जमनी तय है. जमें भी क्यों ना आखिर इस खिलाड़ी ने छोटी सी उम्र में ही अपना रुतबा जो वैसा बना लिया है. वैभव सूर्यवंशी ने IPL के पिछले सीजन में ही डेब्यू किया था, जहां उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों पर शतक जड़ा था. उस कारनामे के बाद वो ना सिर्फ आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बने बल्कि उसके बाद कभी पीछे मुड़कर भी नहीं देखा. अब लोगों के जहन में सवाल है कि वैभव आईपीएल 2026 यानी अपने दूसरे IPL सीजन में क्या करेंगे? पूछने पर जो जवाब मिला आप सुनकर हैरान रह जाएंगे. वैभव सूर्यवंशी बोले- 2000-3000 रन मारूंगा.
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 के लिए भरा दम
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में 2000-3000 रन मारने का जो दम भरा है, वो राजस्थान रॉयल्स के विरोधियों को विचलित करने वाला है. लेकिन, जरा ये भी तो जान लीजिए कि उन्होंने ऐसा कहा क्यों? हाल ही में वैभव सूर्यवंशी, रवींद्र जडेजा के साथ राजस्थान रॉयल्स के एक इवेंट में शामिल हुए थे. उसी इवेंट की ये बात है. वैभव सूर्यवंशी से उनके IPL 2026 के टारगेट के बारे में पूछा गया था.
‘ऐसा सवाल है तो 2000-3000 रन मारूंगा’
सवाल जितना रोमांचक था, वैभव ने उसका जवाब भी उतने ही मजेदार अंदाज में देना शुरू किया. सवाल था कि इस IPL सीजन यानी IPL 2026 में कितने रन का टारगेट है? ये हर कोई जानना चाह रहा था, जिसका जवाब देते हुए वैभव सूर्यवंशी ने उस पर चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसा सवाल पूछोगे तो मैं कहूंगा 2000-3000 रन मारूंगा. वैभव के इतना कहते ही वहां मौजूद सभी ठहाके लगाकर हंसने लगते हैं. क्योंकि, वैभव ने जो कहा वो एक सीजन में तो हकीकत में तब्दील नहीं हो सकता.
View this post on Instagram
पर्सनल रिकॉर्ड नहीं, टीम को जिताना टारगेट
लेकिन, वैभव फिर उस मुद्दे पर सीरियस हो जाते हैं और कहते हैं कि ऐसा कोई टारगेट सेट नहीं किया है. बस प्रोसेस को फॉलो कर टीम को जिताने पर फोकस करना है. पर्सनल माइलस्टोन या रिकॉर्ड की नहीं सोच रहा. मेन फोकस और टारगेट सिर्फ टीम को जिताने का होगा.
IPL 2025 में जो नहीं हुआ इस बार होगा?
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2025 में खेले 7 मैचों में राजस्थान रॉयल्स के लिए एक शतक के साथ 252 रन बनाए थे. ये रन उन्होंने 36 की औसत और 206.55 की स्ट्राइक रेट से बनाए थे. राजस्थान रॉयल्स के लिए जो काम वो अपने डेब्यू सीजन में नहीं कर सके, उसे अपने दूसरे IPL सीजन में सफल बनाना वैभव का मकसद है. इस मकसद की कामयाबी ही उनका असली टारगेट है.
(@deep_jaipur_waala_munda)