UPT20 League 2026 Final: भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स ने दूसरी बार यूपी टी20 लीग का खिताब जीत लिया है. रविवार को यूपी टी20 लीग 2026 के फाइनल मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने भुवनेश्वर कुमार की अगुवाई वाली लखनऊ फाल्कन्स को 94 रनों से बुरी तरह हराया.
इस खिताबी जंग में मेरठ मावेरिक्स ने एकतरफा जीत दर्ज की और ट्रॉफी उठाई. मेरठ मावेरिक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 203 रन बनाए थे. इसके जवाब में उतरी लखनऊ फाल्कन्स सिर्फ 109 के स्कोर पर ढेर हो गई और 94 रनों से फाइनल मुकाबला गंवा दिया.
दिव्यांश जोशी ने ठोका शतक
मेरठ मावेरिक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. स्वास्तिक चिकारा और दिव्यांश जोशी ने पारी की शुरुआत की. उन दोनों के बीच 53 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप हुई. स्वास्तिक चिकारा 18 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद दिव्यांश जोशी ने अपना कहर बरपाया. उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 40 गेंदों पर 105 रनों की आतिशी पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 12 चौके और 7 छक्के आए. उनके अलावा ऋतुराज शर्मा ने रन बनाए, जबकि कप्तान रिंकू सिंह फ्लॉप रहे. इसके बावजूद मेरठ ने लखनऊ को 204 रनों का बड़ा टारगेट दिया. लखनऊ की ओर से अभिनंदन सिंह ने 3 विकेट चटकाए, जबकि कप्तान भुवनेश्वर कुमार, विप्रज निगम और अजीत वर्मा को 1-1 विकेट मिले.
लखनऊ फाल्कन्स की शर्मनाक बल्लेबाजी
204 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की बल्लेबाजी काफी निराशाजनक रही. लखनऊ ने सिर्फ 13 रन के स्कोर पर ही 2 विकेट गंवा दिए. इसके बाद लखनऊ की बल्लेबाजी संभल नहीं पाई. लखनऊ की ओर से अजीत शर्मा ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए, जबकि कृतज्ञ कुमार सिंह ने 21 रन बनाए और मोहम्मद सैफ ने 10 रनों का योगदान दिया.
इसके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाया. आखिर में लखनऊ की टीम 16 ओवर में ही 109 रन के स्कोर पर सिमट गई. फाइनल के मुकाबले में मेरठ की ओर से शानदार गेंदबाजी हुई. विशाल चौधरी ने कुल 4 विकेट चटकाए, जबकि जीशान अंसारी ने 2 विकेट हासिल किए. वहीं, करन चौधरी, विजय कुमार और यश गर्ग को 1-1 विकेट मिले.
किसने जीता पर्पल और ऑरेंज कैप?
मेरठ के स्टार स्पिनर जीशान अंसारी ने इस पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने फाइनल मुकाबले तक कुल 25 विकेट चटकाए. उन्हें पर्पल कैप से सम्मानित किया गया. वहीं, काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा को इस सीजन सबसे ज्यादा 361 रन बनाने के लिए ऑरेंज कैप दिया गया.