Tilak Varma: तिलक वर्मा टीम नहीं, अपने लिए खेलते हैं? चौंकाने वाला है ये रिकॉर्ड

Asia Cup Rising Stars 2026 के 8वें मैच में इंडिया ए को पाकिस्तान ए ने हरा दिया. इसकी बड़ी वजह कप्तान तिलक वर्मा की धीमी पारी रही. उन्होंने शतक तो लगाया लेकिन ये पारी टीम के काम नहीं आई. नतीजा भारतीय टीम 48 रनों से मैच गंवा बैठी.

तिलक वर्मा ने इस मुकाबले में 149 गेंदों में 100 रन बनाए. इस खिलाड़ी का स्ट्राइक रेट 67.11 का रहा. तिलक आखिरी विकेट तक क्रीज पर टिके रहे लेकिन वो टीम को जीत नहीं दिला सके. तिलक की इस धीमी पारी पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं. वैसे आपको बता दें बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पहली बार ऐसी धीमी पारी नहीं खेली है. इंडिया ए के लिए लिस्ट ए मुकाबलों में वो ऐसे ही धीमी पारियां खेलते हैं और उनका रिकॉर्ड बेहद चौंकाने वाला है.

तिलक वर्मा का इंडिया ए के लिए रिकॉर्ड

तिलक वर्मा ने इंडिया ए के लिए अबतक लिस्ट ए में 14 पारियां खेली हैं जिसमें उन्होंने 54.46 की औसत से 708 रन बनाए हैं. तिलक ने 6 अर्धशतक और 2 शतक लगाए हैं. लेकिन यहां ध्यान देने वाली बात है कि उनका स्ट्राइक रेट बेहद कम है. तिलक वर्मा ने इंडिया ए के लिए लिस्ट में महज 73.52 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. ये स्ट्राइक रेट आजकल टेस्ट क्रिकेट में होता है लेकिन तिलक वर्मा वनडे क्रिकेट में इस स्ट्राइक रेट से बैटिंग कर रहे हैं.

तिलक वर्मा की धीमी पारी पर सवाल

बता दें दोहा में इंडिया ए की हार के बाद पूर्व भारतीय बल्लेबाजी कोच संजय बांगर ने तिलक वर्मा की धीमी शुरुआत पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि वर्मा की धीमी बल्लेबाजी ने दूसरे छोर पर मौजूद बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ाया होगा.तिलक वर्मा ने इस मैच में शतक लगाया, लेकिन उनकी 149 गेंदों पर 100 रनों की पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी. 314 रनों का पीछा करते हुए इंडिया ए 49.1 ओवर में 265 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. संजय बांगर ने कहा, ‘तिलक वर्मा ने पहली 25 गेंदों पर सिर्फ 3 रन बनाए थे, फिर अगली 25 गेंदों में उन्होंने 12-13 रन जोड़े. तो अगर आप 50 गेंदें खेलकर 18 21 रन पर पहुँचते हैं, तो दूसरे छोर पर मौजूद बल्लेबाज पर इसका क्या असर पड़ता है? तिलक को भरोसा था कि वह आखिर में इसकी भरपाई कर लेंगे, लेकिन इससे दूसरे बल्लेबाज पर क्या फर्क पड़ता है? क्या वह जोखिम लेगा, या उसे जोखिम लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा? इससे विकेट लेने का मौका बनता है.’

Leave a Comment