Team India Selection: टीम इंडिया का हुआ ऐलान, पंत को नहीं मिली जगह, 2 नए खिलाड़ियों की एंट्री

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है. बेहद बेसब्री से इस ऐलान का इंतजार किया जा रहा था क्योंकि ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का ये आखिरी सेलेक्शन है.

ऐसे में वो क्या फैसले करेंगे, इस पर नजरें थीं. मगर ज्यादातर सेलेक्शन उम्मीदों के मुताबिक हुआ है. टीम इंडिया में रोहित शर्मा की जगह बरकरार है लेकिन सबसे खास बात ये है कि ऋषभ पंत को इस बार भी मौका नहीं मिला है, जबकि नमन धीर और आकिब नबी को पहली बार ODI टीम में मौका मिला है.

सितंबर के आखिरी हफ्ते से शुरू हो रही वनडे सीरीज में भारतीय टीम शुभमन गिल की कप्तानी में उतरेगी लेकिन इस बार उप-कप्तान श्रेयस अय्यर और जसप्रीत बुमराह जैसे स्टार खिलाड़ी इस वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि ये दोनों स्टार उस दौरान एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम के लिए गोल्ड मेडल की दावेदारी पेश कर रहे होंगे. ऐसे में अय्यर की जगह केएल राहुल को उप-कप्तानी दी गई है. हालांकि टी20 सीरीज के लिए अय्यर की कप्तानी में ही टीम इंडिया मुकाबले के लिए उतरेगी.

पंत को नहीं चुना, पंड्या फिट नहीं

बुधवार 16 सितंबर की शाम को हुई सेलेक्शन कमेटी की मीटिंग के बाद BCCI ने वनडे और टी20 स्क्वॉड का ऐलान किया. वनडे टीम में ऋषभ पंत के सेलेक्शन को लेकर सवाल था लेकिन उन्हें एक बार फिर मौका नहीं मिला है. पंत की जगह ध्रुव जुरेल को बैकअप विकेटकीपर के रूप में चुना गया है. पंत को ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम का कप्तान बनाया गया है. वहीं हार्दिक पंड्या की भी वापसी नहीं हुई है, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर संदेह बना हुआ है. वहीं श्रेयस अय्यर की गैरहाजिरी में ऋतुराज गायकवाड की वापसी हुई है.

 

 

वहीं घरेलू क्रिकेट में अपना दम दिखा चुके पंजाब के ऑलराउंडर नमन धीर को पहली बार किसी भी फॉर्मेट के लिए टीम इंडिया में बुलाया गया है. वो यहां वॉशिंगटन सुंदर की जगह ले सकते हैं. सुंदर भी एशियन गेम्स टीम का हिस्सा हैं. वहीं जसप्रीत बुमराह की गैरहाजिरी में मोहम्मद सिराज टीम की तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे, जिनकी लंबे समय बाद इस फॉर्मेट में वापसी हो रही है. उनके अलावा जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को भी पहली बार इस फॉर्मेट में भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया है.

टी20 टीम में क्या बदलाव?

वनडे सीरीज की शुरुआत 27 सितंबर से होगी और 3 अक्टूबर तक 3 मैच खेले जाएंगे. जहां तक टी20 सीरीज की बात है तो 6 अक्टूबर से इसकी शुरुआत होगी. तब तक एशियन गेम्स भी खत्म हो जाएंगे. ऐसे में श्रेयस की कप्तानी में ही भारतीय टीम 5 मैच की सीरीज खेलने उतरेगी. इस स्क्वॉड में कोई खास बदलाव नहीं है और सिर्फ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है. उनकी जगह प्रिंस यादव और मयंक यादव की वापसी हुई है.

भारत की ODI टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उप-कप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतिश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर.

भारत की T20I टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतिश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव.

Leave a Comment