कुछ ही दिनों बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होने वाली है. ऐसे में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से जीतने के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है.
इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व चीफ सेलेक्टर कृष्णम्माचारी श्रीकांत ने अपनी पसंदीदा प्लेइंग 11 का खुलासा किया है, जिसने फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स के बीच नई बहस छेड़ दी है.
संजू सैमसन को दिखाया बाहर का रास्ता
श्रीकांत ने ओपनिंग के लिए संजू सैमसन को नजरअंदाज करते हुए ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी पर भरोसा जताया है. उनका मानना है कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए ईशान इस वक्त भारत के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में ईशान ने आक्रामक अंदाज में रन बनाए और एक शतक भी जड़ा. वहीं अभिषेक शर्मा ने भी तेज शुरुआत देकर टीम को कई बार मजबूत स्थिति में पहुंचाया है.
मिडिल ऑर्डर में दिखा बैलेंस
मिडिल ऑर्डर में श्रीकांत ने तिलक वर्मा की वापसी को अहम माना है. तिलक के साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह को टीम की रीढ़ बताया गया है. यह तिकड़ी तेज रन बनाने के साथ-साथ पारी को संभालने की क्षमता भी रखती है. खासकर रिंकू सिंह को फिनिशर की भूमिका में देखा गया है, जो दबाव में भी शांत रहकर मैच पलट सकते हैं.
ऑलराउंडर्स पर खास भरोसा
टीम में ऑलराउंडर्स के तौर पर श्रीकांत ने हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल को शामिल किया है. हार्दिक का अनुभव, दुबे की पावर हिटिंग और अक्षर की किफायती गेंदबाजी टीम को गहराई दे सकती है.
कुलदीप बाहर, वरुण को मौका
सबसे चौंकाने वाला फैसला कुलदीप यादव को बाहर रखना रहा. श्रीकांत ने स्पिन डिपार्टमेंट में सिर्फ वरुण चक्रवर्ती को चुना है. उनका मानना है कि वरुण की मिस्ट्री गेंदबाजी टी20 वर्ल्ड कप में विपक्षी बल्लेबाजों के लिए ज्यादा मुश्किल खड़ी कर सकती है.
वहीं फास्ट बॉलिंग में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की जोड़ी को टीम का मजबूत हथियार बताया गया है. नई गेंद और डेथ ओवर्स में ये दोनों भारत को मैच जिताने की क्षमता रखते हैं.
कृष्णम्माचारी श्रीकांत की प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती.