T20 World Cup में इन 2 टीमों से हमेशा हारा है भारत, जानिए किसके खिलाफ कैसा है रिकॉर्ड?

T20 World Cup 2026 का शंखनाद होने में अब ज्यादा वक्त नहीं है. 7 फरवरी से इस ICC टूर्नामेंट के मुकाबले शुरू हो जाएंगे, जिसमें उतरने से पहले भारत, 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपनी तैयारियों को भी फुल एंड फाइनल आजमा चुका होगा. भारत टूर्नामेंट का मेजबान है, डिफेंडिंग चैंपियन है और फिर से खिताब जीतने का प्रबल दावेदार भी है. T20 वर्ल्ड कप 2026 में पहली बार 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं. क्या आप जानते हैं कि टीम इंडिया का किसके खिलाफ कैसा रिकॉर्ड है? हैरान करने वाली बात ये है कि 2 टीमें ऐसी भी हैं, जिनके खिलाफ भारत कभी नहीं जीता है.

जिन टीमों के खिलाफ नहीं जीता भारत

टीम इंडिया को T20 वर्ल्ड कप में जिन दो टीमों के खिलाफ आज तक एक भी जीत नहीं मिली, उनमें एक श्रीलंका है और दूसरा न्यूजीलैंड. श्रीलंका के खिलाफ भारत ने दो मुकाबले खेले और दोनों हारे हैं. वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले तीनों मैच भी वो हार चुका है.

USA से ओपनिंग मैच, कैसा है रिकॉर्ड?

टीम इंडिया का T20 वर्ल्ड कप 2026 में पहला मुकाबला USA से है, जिसके खिलाफ भारत का रिकॉर्ड टूर्नामेंट में 100 फीसद जीत का है. T20 वर्ल्ड कप की पिच पर भारत और USA की इस बार दूसरी टक्कर होगी. इससे पहले खेला एक मुकाबला भारत ने जीता था.

पाकिस्तान को 7 बार हरा चुका है भारत

चिर-प्रतिद्नन्दी पाकिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के साथ मुकाबला खेलने से इनकार कर दिया है. अब सवाल है कि ऐसा कर क्या वो सच में बांग्लादेश के लिए अपना सपोर्ट जता रहा है या फिर भारत से एक और मैच गंवाने का डर उसे खाए जा रहा है? हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप में उसका इतिहास बहुत ही बुरा है. अब तक हुई 8 भिड़ंत में से 7 में भारत ने पाकिस्तान को हराया है. यानी, 7-1 से भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी है.

साउथ अफ्रीका-अफगानिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की जीत और हार का अंतर 5-2 का रहा है. मतलब दोनों टीमें 7 बार T20 वर्ल्ड कप के मैदान में भिड़ी हैं, जिसमें से 5 भारत ने जीते हैं और 2 साउथ अफ्रीका ने.
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की जीत का रिकॉर्ड T20 वर्ल्ड कप में 100 प्रतिशत है. दोनों टीमें अब तक 4 बार भिड़े हैं और हर बार भारत ने अफगानिस्तान को हराया है. मतलब, 4-0 से भारत का पलड़ा अफगान टीम पर भारी है.

ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड पर भी भारत का पलड़ा भारी

ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भी भारत ने अपनी दबंगई बरकरार रखी है. भारत का 4-2 से ऑस्ट्रेलिया पर पलड़ा भारी है. इसका मतलब है कि अब तक 6 बार दोनों टीमें T20 वर्ल्ड कप में भिड़ी हैं, जिसमें 4 बार भारत जीता है और 2 बार ऑस्ट्रेलिया.

इंग्लैंड से T20 वर्ल्ड कप के ग्राउंड पर हुई 5 भिड़ंत में भारत का पलड़ा 3-2 से भारी है. आयरलैंड के खिलाफ भारत की जीत का रिकॉर्ड 100 प्रतिशत है. अब तक दो बार T20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड का भारत से मुकाबला हुआ और हर बार उसे हार का सामना करना पड़ा.

वेस्टइंडीज को 4 में से 1 बार ही हरा सका भारत

नामीबिया, नीदरलैंड्स, जिम्बाब्वे और स्कॉटलैंड वो छोटी टीमें हैं, जिनके खिलाफ T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने सिर्फ एक-एक मैच खेले हैं और उसे जीते हैं. इनके अलावा वेस्टइंडीज के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप में खेले 4 मैचों में भारत का रिकॉर्ड 1-3 का है. मतलब, उसने सिर्फ 1 मैच जीता है जबकि 3 में वेस्टइंडीज ने भारत को हराया है.

बांग्लादेश के खिलाफ था 100 फीसदी रिकॉर्ड

बांग्लादेश तो टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है नहीं तो उसके खिलाफ भी भारत की जीत का रिकॉर्ड 100 प्रतिशत था. भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ खेले सभी 5 मैच जीते हैं.