T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज में पाकिस्तान को एक ऐतिहासिक चुनौती का सामना करना है. सुपर-8 स्टेज में पाकिस्तान का पहला मैच बारिश में धूल गया था. ऐसे में सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने के लिए बाकी मैचों में उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी. लेकिन पाकिस्तान के सामने एक बड़ी चुनौती भी है. वह सुपर-8 राउंड में एक ऐसी टीम से भी भिड़ने वाली है, जिसके खिलाफ उसे टी20 वर्ल्ड कप में कभी भी जीत नहीं मिली है.
मैच जीतने के लिए बदलना होगा इतिहास
पाकिस्तान का अगला मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाला है. यह मैच पाकिस्तान के लिए काफी अहम है क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने अब तक इंग्लैंड को कभी नहीं हराया है. पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ पहला मैच साल 2009 में खेला था. लेकिन इन 17 सालों में पाकिस्तान इंग्लैंड के खिलाफ जीत का स्वाद नहीं चखा पाया है. अगर आज यानी 24 फरवरी को पाकिस्तान यह मैच जीत जाता है, तो यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में इंग्लैंड पर उनकी पहली जीत होगी.
हर बार पाकिस्तान को मिली हार
टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अभी तक 3 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान हर बार पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा है. साल 2009 में दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में भिड़ी थीं, तब इंग्लैंड ने 48 रनों से हराया था. फिर 2010 के सुपर-8 राउंड में दोनों टीमें आमने-सामने आईं थीं. इस बार भी पाकिस्तान को 6 विकेट से मुकाबला गंवाना पड़ा था. वहीं, आखिरी भिड़ंत 2022 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में हुई थी. तब इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था.
ओवरऑल टी20I में भी इंग्लैंड का दबदबा रहा है. दोनों टीमों के बीच 31 मैच हुए हैं, जहां इंग्लैंड ने 21 जीते हैं, पाकिस्तान ने 9 और एक मैच बिना नतीजे के रहा है. ऐसे में पाकिस्तान के लिए यह मैच सिर्फ पॉइंट्स हासिल करने का नहीं, बल्कि मानसिक और ऐतिहासिक बोझ हटाने का भी मौका है. लेकिन इंग्लैंड भी मजबूत फॉर्म में है और सुपर-8 में एक मुकाबला पहले ही जीत चुकी है. ऐसे में ये मुकाबला काफी रोमांचक होने वाला है.