T20 World Cup: पाकिस्तान टीम से बाहर होंगे ये 2 स्टार, टीम इंडिया से हार के बाद अब नहीं मिलेगा मौका!

टीम इंडिया के सामने आईसीसी टूर्नामेंट्स में पाकिस्तान का प्रदर्शन जस का तस बना हुआ है. पिछले कई टूर्नामेंट में टीम इंडिया के खिलाफ हार झेलने वाली पाकिस्तानी टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में तो घुटने ही टेक दिए. हमेशा की तरह इस बार भी भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तानी क्रिकेट में उथल-पुथल और शोर-शराबा मचा हुआ है. कुछ खिलाड़ियों को टीम से हमेशा के लिए बाहर करने की मांग हो रही है, जिसमें से स्टार बल्लेबाज बाबर आजम और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी पर गाज गिरनी तय नजर आ रही है.

कोलंबो में रविवार 15 फरवरी को खेले गए मैच में पाकिस्तानी टीम का जैसा हाल हुआ, उसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की होगी. जिस पिच पर टीम इंडिया ने 175 रन बनाए, उस पर पाकिस्तानी टीम बड़ी मुश्किल से 100 का आंकड़ा पार कर पाई और 61 रन से हार गई. बाबर आजम, शाहीन अफरीदी, शादाब खान, मोहम्मद नवाज जैसे अनुभवी खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम को सबसे ज्यादा निराश किया और किसी भी तरह का असर नहीं छोड़ सके.

नामीबिया के खिलाफ नहीं मिलेगा मौका!

इसके कारण अब इन खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने की मांग हो रही है और ऐसा होने की संभावना भी नजर आ रही है. पाकिस्तान के जियो न्यूज के मुताबिक नामीबिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में प्लेइंग इलेवन से बाबर आजम और शाहीन अफरीदी को बाहर किया जाना तय नजर आ रहा है. पाकिस्तान के लिए ये मैच जीतना अहम है, तभी जाकर वो सुपर-8 में पहुंच पाएगी. अगर सलमान आगा की टीम ये मैच नहीं जीत पाती तो वो लगातार दूसरी बार पहले राउंड से ही बाहर हो जाएगी.

बुरी तरह फेल हुए बाबर-शाहीन

प्रेमदासा स्टेडियम की पिच को तेज गेंदबाजों के लिए मुश्किल माना जा रहा था. इसके बावजूद पाकिस्तान को शाहीन अफरीदी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी. मगर बाएं हाथ के पेसर ने 2 ओवर में ही 31 रन लुटा दिए. इसके उलट इसी पिच पर भारत के लिए हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट झटके. दूसरी ओर अक्सर अपनी धीमी बैटिंग के कारण सवालों के घेरे में आने वाले बाबर आजम से जिस मैच में पारी को संभालने की जरूरत और उम्मीद थी, उसी मैच में वो शुरुआत में ही बड़ा शॉट मारने के चक्कर में सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें