लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही अमेरिका (USA) की टीम को इस बार खास सफलता नहीं मिली. दो साल पहले पाकिस्तान को चौंकाते हुए सुपर-8 में पहुंचने वाली USA टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐसा कोई उलटफेर नहीं कर पाई. मगर इसके बावजूद टीम के कुछ खिलाड़ियों ने निजी तौर पर जरूर प्रभावित किया. जहां सबसे ज्यादा चर्चा टीम के तेज गेंदबाज शैडली वैन शैल्कविक की हो रही है, जो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. मगर इस बीच 22 साल के बल्लेबाज संजय कृष्णमूर्ति ने भी USA के लिए सबसे तेज अर्धशतक जमाकर अपनी थाप छोड़ दी.
भारत के खिलाफ पहले मैच में छोटी लेकिन तेज पारी खेलने के बाद सुर्खियों में आए दाएं हाथ के बल्लेबाज संजय ने अब नामीबिया के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रविवार 15 फरवरी को खेले गए इस मैच में USA ने पहले बैटिंग की और 199 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. ये टी20 वर्ल्ड कप में इस टीम का सबसे बड़ा स्कोर भी है. मगर उसे यहां तक पहुंचाने में सबसे बड़ा योगदान रहा मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज संजय कृष्णमूर्ति का.
USA के लिए सबसे तेज अर्धशतक
कप्तान मोनांक पटेल के दमदार अर्धशतक से मिली अच्छी शुरुआत के बाद कृष्णमूर्ति ने अपनी धुआंधार बैटिंग का नजारा पेश किया. इस बल्लेबाज ने आते ही छक्के-चौके बरसाने शुरू किए और देखते ही देखते सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक जमा दिया. इस बल्लेबाज ने लगातार 3 छक्के जड़कर टी20 इंटरनेशनल में अपनी पहली फिफ्टी जमाई. इसके साथ ही वो मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में सबसे USA के लिए सबसे तेज अर्धशतक जमाने वाले बल्लेबाज बन गए.
टीम के लिए सबसे ज्यादा छक्के
संजय कृष्णमूर्ति को आउट करने में नामीबिया के गेंदबाजों के पसीने छूट गए लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली. आखिरकार इस बल्लेबाज ने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 68 रन कूटते हुए टीम को 199 रन तक पहुंचाया. अपनी इस पारी में कृष्णमूर्ति ने 4 चौके और 6 हाहाकारी छक्के जमाए. इस मैच से पहले अपने 12 मैच के करियर में संजय ने सिर्फ 6 छक्के जमाए थे लेकिन इस एक पारी में ही इस बल्लेबाज ने उनकी बराबरी कर ली. साथ ही इस वर्ल्ड कप में उन्होंने 8 छक्के जमा दिए हैं, जो USA की ओर से सबसे ज्यादा हैं.