T20 World Cup की ट्रॉफी हनुमान मंदिर में ले जाने पर बवाल, सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर ने किया था ऐसा

Kirti Azad, T20 World Cup Trophy: भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर T20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जीती. ट्रॉफी जीतने के बाद उसे अहमदाबाद के मशहूर टेकरी हनुमान मंदिर ले जाया गया, जिस पर कि अब बवाल खड़ा हो गया है. ट्रॉफी को हनुमान मंदिर ले जाने पर बवाल भारत के पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद के उठाए सवाल के चलते मचा है. कीर्ति आजाद ने कहा है कि ट्रॉफी तो हर धर्म की है. फिर उसे सिर्फ एक धर्म की जगह पर ही क्यों ले जाया गया?

ट्रॉफी हनुमान मंदिर जाने पर बवाल

T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराने के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर, कप्तान सूर्यकुमार यादव और ICC अध्यक्ष जय शाह ट्रॉफी को लेकर हनुमान मंदिर आशीर्वाद लेने गए थे. कीर्ति आजाद ने कहा कि टीम इंडिया सिर्फ सूर्यकुमार यादव या जय शाह का परिवार नहीं, बल्कि पूरे भारत का प्रतिनिधित्व करती है और उस टीम में हर धर्म के खिलाड़ी हैं.

कीर्ति आजाद ने धर्म के नाम पर उठाए सवाल

कीर्ति आजाद ने कहा कि मोहम्मद सिराज तो कभी ट्रॉफी को लेकर मस्जिद नहीं गए. संजू सैमसन कभी उसे किसी चर्च में नहीं ले गए, जबकि उन्होंने उसे जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. वो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी रहे. अब जब मस्जिद नहीं, चर्च नहीं, गुरुद्वारा नहीं तो फिर मंदिर क्यों ले जाई गई ट्रॉफी? टीम की जीती ट्रॉफी तो हर धर्म के भारतीयों की है.

भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेले फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया था. भारत पहले बल्लेबाजी करते हुए फाइनल में 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन बनाए थे. जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ही ऑल आउट हो गई थी.