T20 World Cup: 463 रन और टूट गया वर्ल्ड रिकॉर्ड… फिन ऐलन-टिम साइफर्ट ने रचा इतिहास

Tim Seifert and Finn Allen: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मैच एकतरफा रहा. मिचेल सैंटनर की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम ने इस मुकाबले में 9 विकेट से बाजी मारी. साउथ अफ्रीका ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 169 रन बनाए. लेकिन फिन ऐलन-टिम साइफर्ट की जोड़ी के सामने ये एक छोटा टारगेट साबित हुए. न्यूजीलैंड ने सिर्फ 12.5 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया. जिसकी सबसे बड़ी वजह फिन ऐलन और टिम साइफर्ट की ओपनिंग साझेदारी रही.

फिन ऐलन-टिम साइफर्ट ने रचा इतिहास

दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड की ओपनिंग जोड़ी ने फिन ऐलन और साइफर्ट ने इतिहास रच दिया है. इन दोनों ने पूरे टूर्नामेंट में मिलकर 463 रन जोड़े हैं, जो अब तक किसी भी जोड़ी की ओर से एक ही टी20 वर्ल्ड कप में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं. फिन ऐलन-टिम साइफर्ट ने यह उपलब्धि कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हासिल की. इस मुकाबले में फिन ऐलन ने 33 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक है. वहीं, साइफर्ट ने भी 33 गेंदों में 58 रन की तेज पारी खेली. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह न्यूजीलैंड की ओर कर दिया.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में फिन ऐलन ने अभी तक 289 रन बनाए और साइफर्ट ने 274 रन जोड़े हैं. दोनों बल्लेबाजों की यह जोड़ी न सिर्फ रनों के मामले में बल्कि स्ट्राइक रेट और आक्रामकता में भी बेस्ट साबित हुई है. उनकी साझेदारी ने न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचाया है, जहां वह अब खिताब के लिए लड़ेंगे. फिन ऐलन और साइफर्ट इस टूर्नामेंट के एक मुकाबले में नाबाद 175 रनों की साझेदारी भी कर चुके हैं. इससे पहले एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली जोड़ी रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान की थी. दोनों ने साल 2024 में 446 रन जोड़े थे.

अब खिताब से सिर्फ 1 कदम दूर

फिन ऐलन और टिम साइफर्ट की यह जोड़ी टी20 क्रिकेट में न्यूजीलैंड के लिए नई उम्मीद की किरण बन गई है. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने न सिर्फ रिकॉर्ड तोड़े हैं, बल्कि दिखाया कि मॉडर्न टी20 में ओपनिंग पार्टनरशिप कितनी अहम हो सकती है. फाइनल में यह जोड़ी और क्या कमाल दिखाती है, यह देखना रोमांचक होगा. फाइनल में न्यूजीलैंड का सामना भारत या इंग्लैंड की टीम से होगा, जो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी में खेला जाएगा.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें