T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी स्टेज में पहुंच गया है. चार सप्ताह के रोमांचक क्रिकेट के बाद आखिरी चार टीमों का फैसला हो चुका है. डिफेंडिंग चैंपियन भारत, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड अब ट्रॉफी की रेस में बची हैं. अब सभी नॉकआउट मैच भारत में खेले जाएंगे. पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच होगा. फिर दूसरे सेमीफाइनल में भारत-इंग्लैंड की टीमें भिड़ेंगी. इन दोनों मैचों की विजेता टीम फाइनल में टकराएंगी.
सेमीफाइनल के लिए ICC के खास नियम
दोनों सेमीफाइनल में रिजर्व डे रखा गया है. ICC ने मौसम को ध्यान में रखते हुए ये नियम बनाए हैं. हालांकि, मैच को निर्धारित दिन पर पूरा करने की पूरी कोशिश की जाएगी, जरूरत पड़ने पर ओवर कम भी किए जा सकते हैं. ICC ने मैच को पूरा करने के लिए एक्सट्रा टाइम दिया है, ताकि रिजर्व डे का इस्तेमाल कम से कम हो. निर्धारित दिन पर 90 मिनट और रिजर्व डे पर 120 मिनट का एक्सट्रा टाइम मिलेगा. हालांकि, नतीजे के लिए दोनों टीमों को कम से कम 10 ओवर बल्लेबाजी करनी होगी. अगर रिजर्व डे पर मैच जाता है, तो खेल उसी स्थिति से रिज्यूम होगा जहां पहले दिन पर रुकेगा.
बता दें, ये दोनों सेमीफाइनल मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेले जाएंगे. लेकिन मुकाबला रिजर्व डे पर जाता है तो समय में बदलाव किया जाएगा. दरअसल, रिजर्व डे पर मुकाबले की शुरुआत दोपहर 3 बजे से ही कर दी जाएगी.
रिजर्व डे पर कहां से शुरू होगा मैच?
अगर मैच रिजर्व डे पर जाता है, तो दो स्थितियां हो सकती हैं. अगर मैच निर्धारित दिन पर शुरू हो गया था तो मैच उसी पॉइंट से जारी रहेगा, जहां से रुका था. अगर, मैच डे पर ओवर कम किए गए थे तो रिजर्व डे पर भी उतने ही ओवर लागू रहेंगे. दूसरी स्थिति ये है कि अगर मैच निर्धारित दिन पर कम ओवर में शुरू नहीं हुआ या खेल बिल्कुल शुरू नहीं हो सका था, तो रिजर्व डे पर मैच 20-20 ओवर का ही खेला जाएगा. अगर रिजर्व डे भी इस्तेमाल हो जाए और फिर भी नतीजा न निकले, तो ग्रुप पोजीशन के आधार पर आगे वाली टीम तय होगी.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें