Sanju Samson Player of The Tournament: जिस खिलाड़ी को टीम इंडिया ने 4 मैचों के लिए बाहर बैठाया, जिस खिलाड़ी की काबिलियत पर पूरी दुनिया ने सवाल उठाया, अब वही खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का प्लेयर ऑफ द सीरीज बन गया है. बात हो रही है संजू सैमसन की जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन तो बनाए ही साथ ही उन्होंने टीम इंडिया को वर्ल्ड चैंपियन भी बनाया. टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच में एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की और इसके साथ ही उसने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता. भारतीय टीम की इस जीत का सेहरा संजू सैमसन को ही बंधना चाहिए क्योंकि इस खिलाड़ी के प्लेइंग इलेवन में आने से सबकुछ बदल गया.
संजू सैमसन ने ऐसे दिखाया टी20 वर्ल्ड कप में दम
संजू सैमसन को टी20 वर्ल्ड कप में पहला मौका नामीबिया के खिलाफ मैच में मिला. इस खिलाड़ी ने ताबड़तोड़ 22 रन बनाकर अपना ट्रेलर रिलीज किया. इसके बाद संजू ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तूफानी अंदाज में 24 रन ठोके. लेकिन संजू ने अपना असली कमाल दिखाया करो या मरो के मुकाबले में. वेस्टइंडीज के खिलाफ इस खिलाड़ी ने नाबाद 97 रन बनाकर टीम इंडिया को सेमीफाइनल में एंट्री दिलाई. इसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ फिर संजू का बल्ला चला और उन्होंने 89 रन बनाकर भारतीय टीम को जीत दिलाई. संजू सैमसन ने फाइनल मैच में भी अपना दम दिखाते हुए 89 रनों की पारी खेली.
संजू सैमसन का टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाते हुए विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा. इस खिलाड़ी ने महज 5 मैचों में 80.2 की औसत से 321 रन बनाए. इस खिलाड़ी का स्ट्राइक रेट 199.37 का रहा और उन्होंने लगातार तीन अर्धशतक जड़े. 300 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा रहा. सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 24 छक्के लगाए. यही नहीं उन्होंने चार मैचों में पहले ओवर में छक्के लगाकर खाता खोला जो कि एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है.
संजू सैमसन को नहीं मिला पैसा
संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट तो बने लेकिन उन्हें आईसीसी से एक भी पैसा नहीं मिला. वो इसलिए क्योंकि आईसीसी अवॉर्ड के तौर पर किसी खिलाड़ी को पैसा नहीं देती है. आईसीसी हर विजेता खिलाड़ी को एक मेडल देती है. ये मेडल पाना हर खिलाड़ी का सपना होता है और संजू ने ये कर दिखाया है.