T20 World Cup 2026 Final: भारत का गुमनाम हीरो, जिसने 3 बार टीम इंडिया को बना दिया चैंपियन

Ajit Agarkar T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को टीम इंडिया ने जीत लिया है. भारतीय टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया. फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच जसप्रीत बुमराह रहे और प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड संजू सैमसन को मिला. हालांकि भारत को चैंपियन बनाने में एक और दिग्गज का बड़ा हाथ रहा. वो ना कोच है, ना खिलाड़ी, वो टीम के सपोर्ट स्टाफ में भी नहीं है. लेकिन इस दिग्गज ने अपने फैसलों से भारतीय टीम को एक नहीं , दो नहीं बल्कि तीन बार आईसीसी ट्रॉफी जिताई है. ये दिग्गज कोई और नहीं बल्कि टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर हैं, जिन्होंने अपने कड़े फैसलों से मीडिया और सोशल मीडिया की आलोचना झेली लेकिन वो इसके बावजूद घबराए नहीं और नतीजा देखिए टीम इंडिया उनके नेतृत्व में तीन बार वर्ल्ड चैंपियन बन गई है.

अजीत अगरकर के फैसलों ने बनाया टीम इंडिया को चैंपियन

बतौर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का कार्यकाल 4 जुलाई, 2023 को शुरू हुआ था. उन्होंने अपने कार्यकाल में साहसिक और प्रभावशाली फैसले लिए, जिसकी वजह से भारत को व्हाइट बॉल फॉर्मेट में जबर्दस्त सफलता हासिल हुई. अजीत अगरकर के कार्यकाल में भारत ने तीन आईसीसी टूर्नामेंट जीते.

  • साल 2024 में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में हराया.
  • मार्च 2025 में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी जीती.
  • 8 मार्च को भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप जीता.
Icc Men's T20 Wc Final: Ind Vs Nz Training

Icc Men’s T20 Wc Final: अजीत अगरकर का चैंपियन बनाने में गजब योगदान (फोटो-पीटीआई)

अजीत अगरकर ने लिए ये बड़े फैसले

  • अजीत अगरकर ने सूर्यकुमार यादव को टी20 इंटरनेशनल का कप्तान बनाया. उनका ये फैसला काफी विवादित रहा क्योंकि फैंस और दूसरे क्रिकेट एक्सपर्ट्स के मुताबिक हार्दिक पंड्या को कप्तानी मिलनी चाहिए थी लेकिन अजीत अगरकर ने सूर्या पर दांव खेला और टीम इंडिया अब चैंपियन भी बन गई.
  • रोहित शर्मा को वनडे टीम की कप्तानी से हटाना भी अजीत अगरकर का फैसला रहा. ये फैसला इसलिए भी बड़ा रहा क्योंकि रोहित की अगुवाई में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती और उसके तुरंत बाद ये फैसला लिया गया. शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी गई.
  • टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ईशान किशन का सेलेक्शन भी अजीत अगरकर का मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ. ईशान ने अपने सेलेक्शन को सही साबित करते हुए टी20 वर्ल्ड कप में कमाल प्रदर्शन किया.

अजीत अगरकर के कार्यकाल में टीम इंडिया वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल तक भी पहुंची. हालांकि फाइनल में उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार मिली. अगर वो टूर्नामेंट भी टीम इंडिया जीत जाती तो अजीत अगरकर खुद निजी तौर पर काफी खुश रहते. हालांकि खुशी की वजह और भी हैं और इस दिग्गज ने भारतीय क्रिकेट की कमाल सेवा की है.