T20 World Cup 2026 1st SemiFinal, New Zealand vs South Africa: क्रिकेट में राइवलरी की बात हो तो भारत-पाकिस्तान का नाम सबसे ऊपर आता है. टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 9 मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें भारत ने 8 बार जीत दर्ज की है और पाकिस्तान सिर्फ एक बार सफल रही. इस बार भी भारत ने अपने दबदबे को बरकरार रखा. लेकिन इस टूर्नामेंट में एक और ऐसी जोड़ी है, जहां एक टीम ने हमेशा दूसरे पर पूरी तरह हावी रही है और वो है साउथ अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड.
सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका-न्यूजीलैंड की टक्कर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच होगा, जो 4 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में शाम 7 बजे से खेला जाएगा. इस मैच में साउथ अफ्रीका को हराने के लिए न्यूजीलैंड को टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास से भी भिड़ना पड़ेगा. दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 5 मैच हो चुके हैं और हर बार प्रोटियाज ने जीत हासिल की है. न्यूजीलैंड को एक भी बार साउथ अफ्रीका को हराने का मौका नहीं मिला है.
यह हारों का सिलसिला इतना लंबा है कि न्यूजीलैंड के लिए यह सेमीफाइनल सिर्फ मैच नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक बदला लेने का मौका बन गया है. ब्लैक कैप्स के पास अनुभवी खिलाड़ी हैं, जो इस बार चोक का टैग तोड़ने की कोशिश करेंगे. लेकिन साउथ अफ्रीका की टीम इस टूर्नामेंट में मजबूत फॉर्म में दिख रही है. वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका रिकॉर्ड उन्हें फेवरेट बनाता है. प्रोटियाज इस एडिशन में एक भी मैच ना हारने वाली इकलौती टीम भी है.
2007 से 2026 तक, हर बार मिली जीत
साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप में पहली भिड़ंत साल 2007 में हुई थी. उस मैच में साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट से बाजी मारी थी. इसके बाद दोनों टीमें 2009 टी20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने आईं थीं, तब साउथ अफ्रीका सिर्फ 1 रन से जीता था. 2010 में भी कीवी टीम को 13 रनों से हार मिली थी. इसके बाद 2014 टी20 वर्ल्ड कप में खेले गए मैच को भी साउथ अफ्रीका ने 2 रन से अपने नाम किया था. वहीं, 2026 टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में भी ये टीमें टकराई थीं. इस बार भी अफ्रीका ने 7 विकेट से मैच जीता. अब सेमीफाइनल में ये टीमें भिड़ने के लिए तैयार हैं.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें