T20 World Cup 2026: फाइनल जीतने के लिए टीम इंडिया का ‘टोटका’, मैच से पहले 2 बड़े बदलाव

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. इस ऐतिहासिक मैच से पहले टीम इंडिया ने एक अनोखा कदम उठाया है, जो सुपरस्टिशन और पिछले अनुभवों से जुड़ा हुआ है. बता दें, भारत ने इस मैदान पर 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल भी खेला था. लेकिन तब ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. लेकिन इस बार टीम इंडिया कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है.

फाइनल जीतने के लिए टीम इंडिया का ‘टोटका’

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फाइनल मैच से पहले टीम के होटल और स्टेडियम में ड्रेसिंग रूम में बदलाव किया है. माना जा रहा है कि ये फैसला इसलिए लिया गया है ताकी ‘जिंक्स’ या नकारात्मक इतिहास को तोड़ा जा सके और नई शुरुआत की जा सके. रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान जहां होटल में रुकी थी, वहां अब नहीं रुकेगी. इसके अलावा, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भी टीम ‘होम’ ड्रेसिंग रूम की बजाए विजिटिंग टीम के ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल कर सकती है.

यह फैसला टीम की स्पिरिचुअल सोच से जोड़कर भी देखा जा रहा है. इससे पहले मुंबई में प्रैक्टिस भी चंद्र ग्रहण के कारण थोड़ी देर से शुरू हुई थी. हालांकि, होटल में बदलाव के पीछे एक बड़ी वजह भी है. आईसीसी प्रोटोकॉल के मुताबिक, अहमदाबाद में पहले फाइनलिस्ट को हमेशा आईटीसी नर्मदा होटल में ही ठहरना था, जहां भारत 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान रुका था, और दूसरे फाइनलिस्ट ताज स्काईलाइन में ठहरेगा. लेकिन ड्रेसिंग रूम में बदलाव की वजह का खुलासा नहीं हो सका है.

अहमदाबाद में टीम इंडिया का रिकॉर्ड

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया ने अभी तक 10 टी20 मैच खेले हैं. इस दौरान भारत ने 7 मैच जीते हैं और 3 मैचों में हार का सामना किया है. वहीं, इस टूर्नामेंट में भारत ने यहां 2 मुकाबले खेले हैं. नीदरलैंड्स को तो टीम इंडिया ने 17 रन से हरा दिया था. लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसे 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. जो इस एडिशन में भारत की इकलौती हार भी है.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें