PAK vs SL, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल की रेस काफी रोमांचक हो गई है. ग्रुप-2 में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड पर जीत दर्ज करके टॉप पर कब्जा जमा लिया है. अब दूसरी टीम कौन बनेगी, इसका फैसला शनिवार, 28 फरवरी को होने वाले पाकिस्तान बनाम श्रीलंका मैच से होगा. श्रीलंका पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, इसलिए उनके लिए यह मुकाबला औपचारिकता भर रह गया है. लेकिन पाकिस्तान के लिए यह मैच करो या मरो वाला है. पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका पर बड़ी जीत हासिल करनी होगी, क्योंकि जीत के बाद भी उनके कुल पॉइंट्स न्यूजीलैंड के बराबर 3 ही होंगे. ऐसे में फैसला नेट रन रेट पर होगा, जहां न्यूजीलैंड (+1.390) पाकिस्तान (-0.461) से काफी आगे है. लेकिन ये मैच किसी वजह से रद्द हो जाता है तो क्या होगा?
ऐसा हुआ तो बिना खेले ही बाहर हो जाएगा पाकिस्तान
अगर पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमों के ये मैच बारिश के कारण रद्द हो जाता है या बिना नतीजे के खत्म होता है, तो दोनों टीमों को एक-एक पॉइंट मिलेगा. यानी पाकिस्तान की टीम 2 पॉइंट्स पर ही रह जाएगी. नतीजा साफ है, ऐसी स्थिति में न्यूजीलैंड आसानी से सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा और पाकिस्तान बिना मैदान पर उतरे ही टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा.
टूर्नामेंट में पहले कुछ मैच कोलंबो में बारिश से प्रभावित हुए थे, लेकिन अच्छी खबर यह है कि पाकिस्तान-श्रीलंका मैच पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, 28 फरवरी की शाम 7 बजे मैच शुरू होने के समय बारिश की संभावना ना के बराबर है. आसमान साफ रहने की उम्मीद है, तापमान 18-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और कोई थंडरस्टॉर्म या भारी बारिश नहीं दिख रही है. मैच पूरे होने की पूरी संभावना है. यानी पाकिस्तान की किस्मत उसके ही हाथों में है, उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए एक बड़ी जीत हासिल करनी होगी.
कैसे सुधरेगा पाकिस्तान का नेट रन रेट?
पाकिस्तान को इस मैच में जीत के साथ-साथ नेट रन रेट में सुधार भी करना है. ऐसे में पाकिस्तानी टीम इस मैच में पहले बैटिंग करती है तो उसे कम से कम 65 रन के अंतर से जीतना होगा और अगर पहले बॉलिंग करती है तो उसे 13 ओवर के अंदर जीत दर्ज करनी होगी. पाकिस्तानी टीम के लिए अब सब कुछ उनके प्रदर्शन पर टिका है. उन्हें अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में जबरदस्त प्रदर्शन दिखाना होगा ताकि नेट रन रेट में सुधार हो सके. श्रीलंका भले ही बाहर हो, लेकिन घरेलू मैदान पर वे पाकिस्तान को कड़ी चुनौती दे सकती है.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें