T20 World Cup 2026: कोच साहब… गौतम गंभीर के लिए धोनी का खास पोस्ट, भारत के चैंपियन बनने पर कही ये बात

MS Dhoni Post For Gautam Gambhir And Team India: 8 मार्च 2026 का दिन भारतीय क्रिकेट के लिए काफी ऐतिहासिक रहा. भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त देकर T20 वर्ल्ड कप 2026 का तीसरा खिताब जीता. टीम इंडिया की ओर से फाइनल में इतिहास रचने के ठीक बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सोशल मीडिया पर लंबे समय के बाद पोस्ट शेयर किया. उन्होंने इंस्टाग्राम पर टीम इंडिया को जीत की बधाई थी, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इसके साथ-साथ उन्होंने गौतम गंभीर के लिए भी खास बात लिखी.

धोनी का सोशल मीडिया पोस्ट वायरल

धोनी फाइनल मैच के दौरान रोहित शर्मा और जय शाह के साथ VVIP बॉक्स में भी नजर आए थे. उन्होंने अपने इस पोस्ट में टीम इंडिया, सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर के फैंस को बधाई दी. एमएस धोनी ने लिखा, ‘अहमदाबाद में इतिहास रचा गया, टीम और सहयोगी स्टाफ और दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट टीम के सभी फैंस को बहुत-बहुत बधाई. आप सभी को खेलते हुए देखकर बहुत खुशी हुई.’

इसके बाद धोनी ने हेड कोच गौतम गंभीर के लिए मजाकिया अंदाज में कहा, ‘कोच साहब, आपके चेहरे पर मुस्कान बहुत अच्छी लग रही है. इंटेंसिटी के साथ मुस्कान का कॉम्बिनेशन जानलेवा है, बहुत अच्छा किया.’ धोनी ने ये लाइन गंभीर की जीत के बाद वाली मुस्कान और उनकी गंभीर छवि पर एक प्यारा तंज था, जो फैंस को खूब पसंद आया. वहीं, जसप्रीत बुमराह के लिए धोनी ने भी मजेदार अंदाज में लिखा, ‘बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है. चैंपियन बॉलर.’ धोनी की यह पोस्ट काफी वायरल हो रहा है, क्योंकि वह सोशल मीडिया पर बहुत कम एक्टिव रहते हैं.

View this post on Instagram

A post shared by M S Dhoni (@mahi7781)

टीम इंडिया के लिए यादगार रहा ये टूर्नामेंट

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का दबदबा रहा. टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में लगातार 4 मैच जीतकर सुपर-8 में जगह बनाई थी. लेकिन सुपर-8 के पहले ही मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. इस हार के बाद भारतीय टीम ने दमदार वापसी की, टीम ने जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. फिर इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंची. अब भारत ने घर पर ट्रॉफी जीतने का सपना भी पूरा किया.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें