Shaheen Shah Afridi: इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड क्रिकेट ने पुराने वाले शाहीन अफरीदी को देखा. वो शाहीन अफरीदी जो पहली गेंद पर विकेट लेता था. पहले ओवर में विकेट चटकाता था. पावरप्ले के अंदर ही विरोधी के टॉप ऑर्डर को ढेर कर देता था. लंबे समय के बाद शाहीन शाह अफरीदी का वो अवतार इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में देखने को मिला. पाकिस्तान से मिले 165 रन के लक्ष्य का इंग्लैंड की टीम पीछा करने उतरी तो उसे क्या पता था कि वही गेंदबाज क्रीज पर खड़े होना भी मुश्किल कर देगा, जो उनके खिलाफ मैच से पहले तो बेंच पर बैठा था.
पावरप्ले में डाले 3 ओवर, झटके 3 विकेट
शाहीन अफरीदी ने सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना लिए मैच में उतरे इंग्लैंड की टीम का आगाज पावरप्ले में ही बिगाड़ दिया. ऐसा करने की शुरुआत शाहीन अफरीदी ने पहली ही गेंद से कर दी. वो इंग्लैंड के खिलाफ पहला ओवर डालने आए और पहली ही गेंद पर फिल सॉल्ट का विकेट चटका दिया. T20 इंटरनेशनल में पहली गेंद पर सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड पहले से ही उनके नाम था, अब उसमें उन्होंने एक और विकेट का इजाफा कर लिया.